Mungeli. मुंगेली। जिले के पथरिया विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला सोनपुरी में पदस्थ सहायक शिक्षक एलबी महाजन राम जाटवर को शिक्षा विभाग ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। शिक्षक पर स्कूल में शराब के नशे में आने और लगातार अनुशासनहीनता करने के गंभीर आरोप लगे थे, जिसकी शिकायत ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से शिक्षा विभाग को दी थी। ग्रामीणों ने अपने आवेदन में बताया था कि शिक्षक कई बार शराब के नशे में स्कूल पहुंचते थे, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी और विद्यालय का माहौल खराब हो रहा था। दर्जनों ग्रामीणों के हस्ताक्षर युक्त इस शिकायत में शिक्षक को हटाने और सख्त कार्रवाई की मांग की गई थी।
शिकायत मिलने के बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी पथरिया ने विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिकायत सही पाई गई और सहायक शिक्षक नशे की हालत में पाए गए। इसके बाद उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षक ने मौके पर अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी, जिसका वीडियो भी सामने आया है। हालांकि विभाग ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए कार्रवाई की अनुशंसा की।
जिला शिक्षा अधिकारी एलपी डाहिरे ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 और वर्गीकरण नियंत्रण एवं अपील नियम 1966 के तहत कार्रवाई करते हुए शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, पथरिया निर्धारित किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। ग्रामीणों ने इस कार्रवाई पर संतोष जताते हुए कहा कि लंबे समय से शिकायत के बावजूद सुधार नहीं हो रहा था, जिससे बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही थी। अब कार्रवाई के बाद गांव में राहत का माहौल है। शिक्षा विभाग ने इस कार्रवाई के जरिए स्पष्ट संदेश दिया है कि सरकारी स्कूलों में अनुशासनहीनता और शराब सेवन जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने कहा है कि आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।