CG BREAKING: गैस सिलेंडर ब्लास्ट, रसोई में आग लगने से मकान क्षतिग्रस्त

छग

Update: 2026-07-05 09:17 GMT
Korba. कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत रामनगर बस्ती में शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। रसोई घर में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर के पाइप से हुए रिसाव के कारण लगी आग ने देखते ही देखते भयावह रूप ले लिया और सिलेंडर में जोरदार धमाके के साथ ब्लास्ट हो गया। इस घटना में घर का रसोई हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि मां और उसके दो बच्चे समय रहते बाहर निकलकर सुरक्षित बच गए। जानकारी के अनुसार, गजानंद साहू के घर में रात के समय भोजन बनाया जा रहा था। इसी दौरान रसोई में लगे गैस सिलेंडर के पाइप से गैस का रिसाव हो रहा था, जिस पर शुरुआत में किसी का ध्यान नहीं गया। खाना बनाते समय अचानक आग भड़क उठी और तेजी से फैलते हुए सिलेंडर तक पहुंच गई। कुछ ही पलों में सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे पूरे घर में जोरदार झटका महसूस किया गया।
ब्लास्ट इतना शक्तिशाली था कि रसोई घर की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं और छत का बड़ा हिस्सा उड़ गया। धमाके के बाद घर के अंदर मौजूद अन्य सामान भी आग की चपेट में आ गया। आग की लपटों ने कुछ ही देर में पूरे रसोई क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के दौरान घर में महिला और दो बच्चे मौजूद थे। जैसे ही आग और धुआं बढ़ने लगा, आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला। इसी दौरान रसोई में रखा एक दूसरा गैस सिलेंडर और फ्रिज भी आग की चपेट में आ गया। कुछ देर बाद फ्रिज में भी विस्फोट होने की सूचना मिली, जिससे आग और फैल गई।
स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए बाल्टी, पाइप और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, हालांकि तब तक घर का अधिकांश सामान जलकर खाक हो चुका था। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर डायल 112 और मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद बताया कि हादसे का कारण गैस पाइप से रिसाव होना प्रतीत होता है, जिससे आग लग गई और सिलेंडर में विस्फोट हुआ।
मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन मकान और रसोई घर में रखा पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि गैस सिलेंडर और पाइप की समय-समय पर जांच करते रहें और किसी भी तरह के रिसाव की आशंका होने पर तुरंत संबंधित एजेंसी या फायर ब्रिगेड को सूचना दें। इस घटना के बाद रामनगर बस्ती के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग इसे एक बड़ी लापरवाही और चेतावनी के रूप में देख रहे हैं, जिससे गैस सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की जरूरत और बढ़ गई है।
Tags:    

Similar News