CG: बुजुर्ग महिला से किया सामूहिक दुष्कर्म, 3 दरिंदे गिरफ्तार

छग

Update: 2026-07-12 16:01 GMT
Balrampur. बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में अधेड़ महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रघुनाथनगर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना की शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता शनिवार शाम खेत की जुताई के बाद ट्रैक्टर मालिक को भुगतान करने गई थी।
पैसे देने के बाद वह करीब शाम 7 से 8 बजे के बीच अपने घर वापस लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में तीन लोगों ने कथित रूप से उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि नशे की हालत में मौजूद आरोपियों ने महिला को जबरन खेत की ओर ले गए और उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि घटना के दौरान दो आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि तीसरा आरोपी भी वारदात में शामिल रहा।
शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीण, आरोपी हुए फरार
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान महिला ने मदद के लिए आवाज लगाई। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और पीड़िता को सहायता उपलब्ध कराई गई। इसके बाद महिला की शिकायत के आधार पर रघुनाथनगर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने दबिश देकर तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटना से जुड़े सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।
मामले की जांच जारी
रघुनाथनगर थाना पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि महिला संबंधी अपराधों में त्वरित और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में नाराजगी और चिंता का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपराधिक घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Tags:    

Similar News