कोरबा। कुसमुंडा खदान में देर रात हुए एक गंभीर हादसे में भारी वाहन की चपेट में आने से चालक की मौत हो गई। घटना के बाद खदान कर्मचारियों में आक्रोश है और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है। जानकारी के अनुसार, हादसा कुसमुंडा खदान के रोड सेल क्षेत्र में हुआ। लोडिंग के लिए आए एक भारी वाहन की चपेट में करीब 29 वर्षीय चालक प्रेमसिंह ल. ध्रुव आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद खदान में मौजूद लोगों ने घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रेमसिंह मूल रूप से मध्य प्रदेश के बिंझरा का निवासी था और कुसमुंडा खदान में चालक के रूप में कार्यरत था।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन मध्य प्रदेश से कोरबा पहुंचे। मृतक के बड़े भाई बलिराम ने बताया कि उन्हें पुलिस ने फोन पर दुर्घटना की सूचना दी थी। कोरबा पहुंचने पर उन्हें भाई की मौत की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि हादसा कैसे हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। प्रेमसिंह अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी, दो छोटे बच्चे और माता-पिता हैं। उसकी मौत के बाद पूरे परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।