बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तखतपुर में स्कूली बच्चों से भरी वैन और हार्वेस्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा नया बस स्टैंड के पास मुख्य मार्ग पर हुआ। दुर्घटना के समय वैन में 12 से अधिक बच्चे सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी बच्चे सुरक्षित हैं और किसी को चोट नहीं आई है। हालांकि, टक्कर से वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के मुताबिक, स्कूली बच्चों को लेकर जा रही वैन की धान कटाई करने वाले हार्वेस्टर से भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। बताया जा रहा है कि हार्वेस्टर पंजाब से धान की फसल काटने के लिए तखतपुर क्षेत्र में आया हुआ है। दुर्घटना के बाद हार्वेस्टर चालक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
इस घटना के बाद स्कूली बच्चों के परिवहन और उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। दुर्घटनाग्रस्त वैन की हालत भी खराब बताई जा रही है। इसके बावजूद बच्चों को इसी वाहन से स्कूल लाने और ले जाने की व्यवस्था की गई थी। वहीं, दुर्घटना की सूचना स्थानीय पुलिस थाने में नहीं दिए जाने और रिपोर्ट दर्ज नहीं कराने की बात भी सामने आई है। इससे स्कूल प्रबंधन की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मामले में अपेक्स स्कूल के प्रबंधक अजय चौहान ने बताया कि अभिभावकों ने स्वयं बच्चों को स्कूल लाने और ले जाने के लिए निजी वैन की व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि वैन के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी मिली है और सभी बच्चे सुरक्षित हैं।
इस दुर्घटना ने मुख्य मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही और स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्कूली बच्चों के परिवहन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा मानकों की नियमित जांच की आवश्यकता भी इस घटना से रेखांकित हुई है। फिलहाल सभी बच्चों के सुरक्षित होने से अभिभावकों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, दुर्घटना ने स्कूली वाहनों की सुरक्षा और जिम्मेदारी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
Tags: