कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दुकान के सामने गिट्टी और सामान रखने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। सीतामणि हटरी इलाके में दो सगे भाइयों पर धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में श्री बालाजी स्पोर्ट्स के संचालक रोशन उर्फ रमेश साहू और उनके भाई विकास साहू घायल हो गए। दोनों का शिवाय अस्पताल में इलाज चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले संतोष प्रजापति ने रोशन साहू की दुकान के सामने गिट्टी और अन्य सामान रख दिया था। त्योहार के मद्देनजर रोशन ने सामान हटाने के लिए कहा, लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी सामान नहीं हटाया गया। छोटी दिवाली के दिन रोशन ने दोबारा संतोष से दुकान के सामने रखा सामान हटाने की बात कही। आरोप है कि इस दौरान संतोष ने गाली-गलौज शुरू कर दी और वहां से चला गया।
पीछे से आकर किया धारदार हथियार से हमला
आरोप है कि आज सुबह संतोष प्रजापति पीछे से आया और रोशन साहू पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में रोशन के गाल पर गहरा घाव हो गया। भाई को बचाने पहुंचे विकास साहू पर भी हमला हुआ, जिससे वह घायल हो गए। घटना के बाद दोनों घायल भाइयों को शिवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
इंटरनेशनल किक बॉक्सिंग चैंपियन हैं रोशन
स्थानीय लोगों के अनुसार, रोशन साहू इंटरनेशनल किक बॉक्सिंग चैंपियन हैं। वे दो बार SSB का इंटरव्यू दे चुके हैं। इसके अलावा NCC कैडेट और MP RDC भी रह चुके हैं। वे स्पोर्ट्स की दुकान चलाने के साथ मेडिकल फील्ड में सेल्समैन के तौर पर भी काम करते हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि हमले में तीन से चार लोग शामिल थे, जिनमें एक पुरुष, उसकी पत्नी और दो सहयोगियों के शामिल होने की बात कही जा रही है।
Tags: