अपहरण-लूट कांड का खुलासा: 2 आरोपी और 4 नाबालिग गिरफ्तार

छग

Update: 2026-07-07 14:49 GMT
Durg. दुर्ग। सुपेला थाना क्षेत्र में अपहरण कर लूटपाट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों समेत चार विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने दो युवकों को स्कूटी चोरी के आरोप में फंसाकर जबरन अपने साथ ले जाकर मारपीट की थी और उनसे नकदी, मोबाइल, स्कूटी, चांदी के आभूषण सहित कुल करीब 87 हजार 180 रुपए की लूट की थी। पुलिस के अनुसार, मामले की शिकायत डौंडी थाना क्षेत्र, जिला बालोद निवासी एक युवक ने सुपेला थाने में दर्ज कराई थी।
पीड़ित
ने बताया था कि वह 2 जुलाई 2026 की रात अपने रिश्तेदार के साथ दुर्ग-भिलाई घूमने आया था। इस दौरान सुबह करीब 4:30 बजे गदा चौक स्थित पुरानी शराब भट्ठी के पास उसकी स्कूटी खराब हो गई। स्कूटी ठीक कराने के लिए उसने वहां मौजूद कुछ युवकों से मदद मांगी। बातचीत के दौरान आरोपियों ने स्कूटी के कागजात नहीं होने पर उसे चोरी की होने का आरोप लगाया और विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया।

मारपीट कर जबरन ले गए कई जगह
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उसे और उसके साथी को जबरन अपने साथ ले लिया। इसके बाद उन्हें अलग-अलग स्थानों पर घुमाया गया और मारपीट की गई। आरोपियों ने दोनों युवकों से चांदी की अंगूठियां, चांदी का ब्रेसलेट, स्कूटी, दो मोबाइल फोन, नगद राशि, पर्स, दस्तावेज और इलेक्ट्रिकल काम का सामान छीन लिया। आरोपियों ने पीड़ित को धमकाकर उसके डिजिटल भुगतान माध्यम से 18 हजार 180 रुपए भी जबरन ट्रांसफर करा लिए। इसके अलावा पुलगांव क्षेत्र में ले जाकर धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई और शिकायत नहीं करने के लिए दबाव बनाया गया। आरोपियों ने पीड़ित का जबरन वीडियो भी बनाया था।

पुलिस ने तेजी से की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलने के बाद सुपेला थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और अन्य माध्यमों से आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों और चार अपचारी बालकों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोहेल खान (19 वर्ष), निवासी इंद्रा नगर सुपेला और पंकज विश्वकर्मा (18 वर्ष), निवासी गदा चौक सुपेला के रूप में हुई है। इसके अलावा चार नाबालिगों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने नाबालिगों की पहचान कानून के अनुसार गोपनीय रखी है।

दो फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। वहीं, इस घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लूट का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सामान और घटना से संबंधित अन्य सामग्री बरामद की है। मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपियों से जुड़ी अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। इस कार्रवाई में सुपेला थाना प्रभारी निरीक्षक अम्बर भारद्वाज, सहायक उपनिरीक्षक अमर दास गंगेले, प्रधान आरक्षक प्रकाशचंद्र तिवारी, प्रधान आरक्षक अमर सिंह, आरक्षक दुर्गेश सिंह राजपूत और आरक्षक प्रदीप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News