ऑपरेशन प्रहार के तहत कोनी पुलिस की कार्रवाई, महिला गिरफ्तार

छग

Update: 2026-06-30 18:36 GMT
Bilaspur. बिलासपुर। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोनी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को 13 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 2,600 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, नशे और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक (कोतवाली) गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना कोनी पुलिस की टीम ने मंगलवार को ग्राम लोफंदी में दबिश दी। कोनी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम लोफंदी के धनुहार पारा क्षेत्र में रहने वाली चंद्रिका धनुहार (40 वर्ष) अपने घर के पास बिक्री के लिए कच्ची महुआ शराब रखी हुई है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर मौके पर कार्रवाई की। दबिश के दौरान पुलिस ने महिला के कब्जे से 13 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। जांच के बाद पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि बरामद शराब को अवैध रूप से बिक्री के लिए रखा गया था।

आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार निगरानी और छापेमारी की जा रही है। अभियान का उद्देश्य अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाना तथा नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना है।

ग्रामीण क्षेत्रों में महुआ शराब के अवैध कारोबार की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की है। अधिकारियों का कहना है कि जहां-जहां अवैध शराब की सूचना मिलेगी, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी। थाना कोनी पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में अवैध शराब या नशे के कारोबार की जानकारी पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार आगे भी जारी रहेगा और जिले में अवैध शराब तथा नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News