Marwahi. मरवाही। आगामी दीपावली के पावन पर्व और त्योहारी सीजन के मद्देनजर बाजार में मिलावटी मिठाइयों की बिक्री रोकने तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़े पैमाने पर जांच अभियान शुरू किया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की विशेष टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित प्रमुख मिष्ठान भंडारों, डेरियों और होटलों में दबिश देकर मिठाइयों तथा अन्य खाद्य सामग्रियों के कुल 26 नमूने (सैंपल) एकत्र किए हैं। इन सभी नमूनों को गुणवत्ता और मिलावट की जांच के लिए रायपुर स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, त्योहारी सीजन में खोवा, पनीर और मिठाइयों की भारी मांग को देखते हुए खाद्य विभाग की टीम लगातार मैदानी स्तर पर सक्रिय है। जांच अभियान के दौरान पेंड्रा स्थित 'स्वीट इंडियन रेस्टोरेंट' से बर्फी और नमकीन सेव के सैंपल लिए गए। इसी प्रकार गौरेला स्थित 'ओम साई डेयरी' से पनीर व खोवा तथा 'कान्हा स्वीट्स' से मिल्क केक और खोवा के नमूने एकत्र किए गए। मरवाही क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए टीम ने 'भुवन होटल' से बूंदी और बर्फी के सैंपल लिए। इनके अलावा जिले के अन्य कस्बों व बाजारों में संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों से पेड़ा, बेसन के लड्डू, गजक, रजवाड़ी चिक्की तथा रिफाइंड तेल सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने सील कर परीक्षण के लिए रायपुर लैब भेजे गए हैं।
जांच अभियान के दौरान मरवाही स्थित 'भुवन होटल' में खाद्य सुरक्षा मानकों की सरेआम धज्जियां उड़ती पाई गईं। निरीक्षण के समय होटल परिसर, किचन और खाद्य भंडारण स्थल पर अत्यधिक गंदगी और अस्वच्छता की स्थिति देखने को मिली। जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ और अस्वच्छ माहौल पाए जाने पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने त्वरित व सख्त कदम उठाते हुए भुवन होटल का खाद्य पंजीयन (Food Registration) तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। इसके साथ ही जब तक होटल संचालक परिसर में पूरी तरह से साफ-सफाई और आवश्यक सुधार नहीं कर लेता, तब तक के लिए होटल के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाते हुए उसे बंद करा दिया गया है। कार्रवाई के दौरान जांच टीम ने भुवन होटल में अस्वच्छ और दूषित परिस्थितियों में बनाकर रखी गई जलेबी को मौके पर ही फिनाइल डालकर पूरी तरह से नष्ट करा दिया, ताकि उसका विक्रय न किया जा सके। इसके अतिरिक्त, जिले के दो अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों को भी परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, एप्रन-ग्लोव्स का उपयोग करने तथा आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों को ध्यान में रखते हुए यह विशेष जांच और सेंपलिंग अभियान दीपावली तक जिलेभर में लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने बताया कि रायपुर प्रयोगशाला से नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद जिन प्रतिष्ठानों के सैंपल अमानक (सब-स्टैंडर्ड) या मिलावटी पाए जाएंगे, उनके संचालकों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।रायगढ़, 3 नवम्बर 2026/ अब शोभा कुमारी के लिए घर से बाहर निकलना और अपने जरूरी कामों के लिए आना-जाना पहले की तरह मुश्किल नहीं होगा। मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल मिलने से उनकी राह आसान होने जा रही है। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में समाज कल्याण विभाग के माध्यम से ग्राम त्रिभौना की शोभा कुमारी को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान की गई।
शोभा ने बताया कि इससे पहले उन्हें सामान्य ट्राइसाइकिल मिली थी, लेकिन उससे एक स्थान से दूसरे स्थान तक आने-जाने में काफी कठिनाई होती थी। कई बार दैनिक जरूरतों और जरूरी कामों के लिए दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। अब मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल मिलने से आवागमन में आसानी होगी और वे पहले की तुलना में अधिक स्वतंत्र होकर अपने काम कर सकेंगी। इससे उन्हें घर से बाहर निकलने, जरूरी कार्यों को पूरा करने और आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने में भी मदद मिलेगी। सशक्त नारी, युवा उड़ान की थीम पर आयोजित राज्योत्सव में मिली इस सुविधा से शोभा के चेहरे पर खुशी नजर आई। उन्होंने इस सहयोग के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल उनके लिए बड़ी मदद है। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।