Raipur रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की अवैध खरीद-फरोख्त करने वाले बड़े सिंडिकेट का खुलासा हुआ है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए अब तक 3 से 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क में करीब 5 से 6 लोग शामिल हैं। गिरोह के तार छत्तीसगढ़ के अलावा मुंबई, नागपुर और अहमदाबाद तक जुड़े होने की जानकारी मिली है। इस मामले में रायपुर के कई अस्पतालों की संलिप्तता की बात भी सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है।
दूसरे राज्यों से महिलाओं को बुलाकर कराते थे डिलीवरी
पुलिस की शुरुआती जांच में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि इस सिंडिकेट से जुड़े लोग दूसरे राज्यों से महिलाओं को रायपुर बुलाते थे। इसके बाद उनकी डिलीवरी कराई जाती थी और नवजात बच्चों को दूसरे लोगों तक पहुंचाया जाता था। इस पूरे नेटवर्क में अलग-अलग शहरों के लोगों के शामिल होने की जानकारी मिली है।
फ्लाइट से होती थी नवजात बच्चों की सप्लाई
जांच में यह भी सामने आया है कि नवजात बच्चों को एक शहर से दूसरे शहर पहुंचाने के लिए हवाई यात्रा का इस्तेमाल किया जाता था। नेटवर्क के तार मुंबई, नागपुर और अहमदाबाद तक जुड़े होने से पुलिस इस मामले की जांच कई स्तरों पर कर रही है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका का पता लगाया जा रहा है।
फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने का भी खुलासा
इस मामले में नवजात बच्चों के फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस जांच कर रही है कि बच्चों के जन्म से संबंधित दस्तावेज किस तरह बनाए जाते थे और इस प्रक्रिया में किन लोगों की भूमिका थी। फर्जी दस्तावेजों के जरिए बच्चों की पहचान से जुड़ी जानकारी तैयार करने के मामले की भी पड़ताल की जा रही है।
शाम 7 बजे पुलिस करेगी बड़ा खुलासा
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस इस पूरे मामले में बुधवार शाम 7 बजे सिविल लाइन में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी गिरफ्तार आरोपियों और सिंडिकेट से जुड़ी जानकारियां साझा करेंगे। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में गिरोह के संचालन और गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
Tags: