मौत के मुहाने पर बना रहे थे सेल्फी-रील, रतनपुर पुलिस ने कराई उठक-बैठक
खूंटाघाट में सेल्फीबाजों पर पुलिस का एक्शन
Bilaspur बिलासपुर। बारिश के मौसम में खूंटाघाट वेस्टवियर के तेज बहाव के बीच सेल्फी और रील बनाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालने वालों पर रतनपुर पुलिस ने कार्रवाई की है। सुरक्षा के लिए लगाए गए गेट को लांघकर खतरनाक क्षेत्र में पहुंचे लोगों को पुलिस ने बाहर निकाला और जमकर फटकार लगाई। लापरवाही बरतने वालों से मौके पर उठक-बैठक भी कराई गई और दोबारा ऐसी हरकत नहीं करने की चेतावनी दी गई।
बारिश के कारण खूंटाघाट वेस्टवियर में पानी का बहाव काफी तेज है। खतरे को देखते हुए लोगों की सुरक्षा के लिए प्रवेश वाले गेट पर ताला लगाया गया था, ताकि कोई भी व्यक्ति वेस्टवियर के खतरनाक हिस्से तक नहीं पहुंच सके। इसके बावजूद 16 अगस्त 2026 को कुछ लोग गेट को लांघकर दूसरी तरफ पहुंच गए। सामने आई तस्वीरों में लोग पानी के तेज बहाव के बेहद करीब खड़े होकर सेल्फी और वीडियो बनाते दिखाई दिए। कुछ लोग अपने परिवार के सदस्यों, महिलाओं और बच्चों के साथ भी खतरनाक क्षेत्र में पहुंच गए थे। तेज बहाव के बीच इस तरह की लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी।
सूचना मिलने के बाद रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और गेट पार कर अंदर गए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिसकर्मियों ने उन्हें फटकार लगाते हुए समझाया कि बारिश के दौरान गहरे पानी और तेज बहाव के आसपास जाना जानलेवा साबित हो सकता है। रील या सेल्फी के लिए अपनी और परिवार की जान जोखिम में डालना गंभीर लापरवाही है। पुलिस ने लापरवाही करने वाले लोगों से मौके पर उठक-बैठक कराई और भविष्य में सुरक्षा के लिए लगाए गए गेट तथा बैरिकेड को पार नहीं करने की चेतावनी दी। साथ ही लोगों को नदी, नाले, डेम और वेस्टवियर जैसे स्थानों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी गई।
रतनपुर पुलिस की ओर से बारिश के मौसम में ऐसे संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि तेज बहाव और गहरे पानी वाले इलाकों में न जाएं। खासतौर पर सेल्फी, फोटो या वीडियो बनाने के लिए किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सेल्फी और रील जिंदगी से बड़ी नहीं है। खूंटाघाट सहित नदी-नालों, डेम और वेस्टवियर से बारिश के दौरान दूरी बनाए रखें तथा अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।