DURG दुर्ग। जिले में ऑटो और ई-रिक्शा से सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए पुलिस ने नई पहल शुरू की है। दुर्ग पुलिस ने ऑटो और ई-रिक्शा में QR कोड लगाने की प्रक्रिया का शुभारंभ किया है। इसके लिए ऑटो रजिस्ट्रेशन पोर्टल भी शुरू किया गया। पुलिस का लक्ष्य आगामी एक सप्ताह के भीतर जिले में संचालित सभी ऑटो और ई-रिक्शा का शत-प्रतिशत रजिस्ट्रेशन पूरा करना है। पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-6 में आयोजित कार्यक्रम में उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग द्वारा इस प्रक्रिया का शुभारंभ किया गया। रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद प्रत्येक ऑटो और ई-रिक्शा को एक QR कोड उपलब्ध कराया जाएगा। इस QR कोड के माध्यम से वाहन और उसके चालक से संबंधित आवश्यक जानकारी पुलिस के पास सुरक्षित रहेगी।
पुलिस के मुताबिक इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के साथ किसी आपराधिक घटना या आपात स्थिति में संबंधित वाहन और चालक की पहचान जल्द सुनिश्चित करना है। किसी घटना के बाद ऑटो या ई-रिक्शा की पहचान करने की जरूरत पड़ने पर रजिस्ट्रेशन से उपलब्ध जानकारी पुलिस के लिए मददगार साबित होगी। इससे पुलिस को त्वरित कार्रवाई करने में भी सहायता मिलने की उम्मीद है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि QR कोड के माध्यम से ऑटो को डिजिटल रूप से रजिस्टर करने वाला दुर्ग छत्तीसगढ़ का तीसरा जिला बनेगा। नई व्यवस्था में ऑटो और चालक से जुड़ी जरूरी जानकारी पुलिस रिकॉर्ड में सुरक्षित रखी जाएगी। इससे जरूरत पड़ने पर वाहन की पहचान और उससे संबंधित जानकारी हासिल करने की प्रक्रिया आसान होगी।
पुलिस ने बताया कि यह पूरी प्रक्रिया ऑटो चालकों के साथ आम नागरिकों और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर शुरू की गई है। ऑटो चालकों से अपील की गई है कि वे अनिवार्य रूप से अपना रजिस्ट्रेशन कराएं और यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करें। यातायात पुलिस दुर्ग की ओर से अगले एक सप्ताह तक जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के माध्यम से सभी ऑटो और ई-रिक्शा को पोर्टल पर पंजीकृत करने का लक्ष्य रखा गया है। रजिस्ट्रेशन के बाद वाहनों को QR कोड प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान जनहित फाउंडेशन के ऋषभ सोनी और लॉयन्स क्लब के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। दुर्ग पुलिस को उम्मीद है कि QR कोड आधारित यह डिजिटल व्यवस्था यात्रियों की सुरक्षा के साथ ऑटो और ई-रिक्शा संचालन को अधिक व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
Tags: