शराब दुकान में आधी रात डकैती, नकाबपोश बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम
छग
Bilaspur. बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा स्थित कंपोजिट शराब दुकान में सोमवार तड़के नकाबपोश डकैतों ने धावा बोल दिया। 5 से 6 हथियारबंद बदमाशों ने शराब दुकान में घुसकर वहां तैनात दो सुरक्षा गार्डों पर हमला किया और उन्हें बंधक बना लिया। डकैतों ने लॉकर तोड़कर रकम निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर शराब, मोबाइल फोन और CCTV कैमरों का DVR लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस, आबकारी विभाग, ACCU और साइबर टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में दबिश देना शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार, गतौरा स्थित कंपोजिट शराब दुकान में सोमवार रात करीब 2 बजे 5 से 6 नकाबपोश बदमाश पहुंचे। बदमाशों ने दुकान में मौजूद गार्डों को धमकाते हुए लूटपाट शुरू कर दी। उस समय दुकान की सुरक्षा में हरकुमार और शैलेंद्र नामक दो गार्ड तैनात थे।
पुलिस के मुताबिक, जब गार्ड हरकुमार ने बदमाशों का विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में हरकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी दौरान दूसरा गार्ड शैलेंद्र उसकी मदद के लिए पहुंचा, लेकिन बदमाशों ने दोनों को काबू में कर लिया और उनके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद आरोपी शराब दुकान के अंदर घुस गए और वहां रखे लॉकर को तोड़ने का प्रयास किया। बदमाशों ने कटर की मदद से लॉकर काटने की कोशिश की, लेकिन वे लॉकर खोलने में सफल नहीं हो सके। काफी प्रयास के बाद भी रकम हाथ नहीं लगने पर आरोपियों ने दुकान से करीब 25 हजार रुपये कीमत की शराब उठा ली।
डकैतों ने जाते समय घायल गार्ड का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले लिया। इसके अलावा दुकान में लगे CCTV कैमरों का DVR भी निकालकर ले गए, ताकि वारदात से जुड़े सबूत मिटाए जा सकें। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद घायल गार्ड ने किसी तरह खुद को मुक्त कराया और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और गार्डों से पूरी घटना की जानकारी ली।
पुलिस अब आरोपियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी जांच का सहारा ले रही है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वहीं साइबर टीम मोबाइल लोकेशन, टावर डंप और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। मस्तूरी थाना प्रभारी केसी सिदार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। पुलिस टीम लगातार संदिग्धों की तलाश कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
गौरतलब है कि गतौरा शराब दुकान में पहले भी वारदात हो चुकी है। करीब 9 साल पहले भी इसी क्षेत्र में शराब दुकान में लूट की कोशिश हुई थी। उस दौरान बदमाशों ने फायरिंग तक की थी। पुलिस ने उस मामले में करीब आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। एक बार फिर उसी क्षेत्र में हुई डकैती ने शराब दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही डकैती में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।