सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने आरंग विधानसभा में दी करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात

छग

Update: 2026-07-11 14:14 GMT
Raipur. रायपुर। रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने शनिवार को आरंग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मंदिर हसौद और ग्राम रीवां का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों को करोड़ों रुपए के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देते हुए कई महत्वपूर्ण लोकार्पण एवं भूमिपूजन किए।

तहसील कार्यालय और महतारी सदन का भव्य लोकार्पण
बृजमोहन अग्रवाल ने मंदिर हसौद में ₹66.02 लाख की लागत से नवनिर्मित नवीन तहसील कार्यालय का भव्य लोकार्पण किया, जिससे अब स्थानीय लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इसके पश्चात उन्होंने ग्राम रीवां में ₹30 लाख की लागत से बने भव्य 'महतारी सदन', महात्मा गांधी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ₹21 लाख की लागत से बने अतिरिक्त कक्ष और ₹10 लाख की लागत से बने अटल व्यावसायिक भवन का लोकार्पण किया। साथ ही ₹5 लाख की लागत से बनने वाले अटल डिजिटल कक्ष का भूमिपूजन भी किया।

ग्रामीणों की मांग पर ऑन-द-स्पॉट फैसला, पुलिया निर्माण के निर्देश
दौरे के दौरान ग्रामीणों ने सांसद श्री अग्रवाल से शिकायत की कि रीवां से सिवनी जाने वाले रास्ते पर स्थित बूढ़ी नाला की दोनों पुलिया भारी बारिश के कारण बह गई हैं, जिससे आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। सांसद ने तुरंत संज्ञान लेते हुए मौके का मुआयना किया और एसडीएम को मनरेगा के तहत दोनों पुलिया के त्वरित निर्माण के लिए 5-5 लाख रुपए (कुल 10 लाख रुपए) तत्काल जारी करने के निर्देश दिए ताकि खेती-किसानी प्रभावित न हो। इसके साथ ही, ग्राम रीवां में पानी की समस्या का स्थाई समाधान करने के लिए ₹4 करोड़ की लागत से स्टॉप डैम के निर्माण की घोषणा की।

विकास कार्यों की झड़ी और अन्य घोषणाएं
क्षेत्रवासियों की मांग पर सांसद श्री अग्रवाल ने प्रसिद्ध चंडी माता मंदिर परिसर में सामुदायिक भवन के लिए ₹5 लाख, स्कूल में किचेन शेड निर्माण व छत मरम्मत के लिए ₹2 लाख तथा क्षेत्र के ऐतिहासिक बंधुआ तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए ₹25 लाख देने की बड़ी घोषणा की।

यह मोदी की गारंटी और विष्णुदेव साय की सुशासन वाली सरकार है: बृजमोहन अग्रवाल
ग्राम रीवां में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सुशासन वाली सरकार है, जहां विकास के काम रुकेंगे नहीं। श्री अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ी में ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा, "आज रीवां गांव में महिला सदन, कंप्यूटर कक्ष, बाजार दुकान समेत कई विकास कार्यों की शुरुआत हुई है। पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने छत्तीसगढ़ राज्य बनाया, जिसके कारण आज गांव-गांव तक बिजली, पानी और सड़क पहुंच रही है।" उन्होंने आगे कहा, "हमारी सरकार माताओं-बहनों को महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने ₹1000 दे रही है। पहले बहनें घर खर्च के लिए पैसे मांगती थीं, आज वे पुरुषों को खुद पैसे दे रही हैं। किसानों को 21 क्विंटल धान का ₹3100 की दर से भुगतान किया जा रहा है, जिससे प्रति एकड़ ₹40,000 से ₹45,000 की बचत हो रही है।"

एक पेड़ मां के नाम: हर बच्चे के नाम पर लगेगा एक वृक्ष
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देते हुए सांसद श्री अग्रवाल ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत स्वयं पौधारोपण किया। स्कूल में टेली इंजीनियरिंग संघ द्वारा 2500 पौधे लगाने की घोषणा पर बधाई देते हुए उन्होंने एसडीएम, तहसीलदार और स्कूल के प्राचार्य को निर्देशित किया कि वे वन विभाग से कम से कम 1000 पौधे और मंगाएं। स्कूल के हर एक छात्र के नाम पर एक पौधा लगाया जाए और बच्चे रोज उसकी देखभाल करें, ताकि पूरा परिसर हरा-भरा हो सके।

देश के टॉप-10 सांसदों में शुमार करने के लिए जनता का आभार
अपने राजनीतिक सफर को साझा करते हुए श्री अग्रवाल ने भावुक होकर कहा, "मैं आठ बार विधायक रहा (3 बार मध्य प्रदेश और 5 बार छत्तीसगढ़ में) और पांच बार मंत्री के रूप में जनता की सेवा की। इस बार आप लोगों ने मुझे देश के टॉप-10 (नौवें नंबर पर) सबसे अधिक वोटों से जीतने वाले सांसदों में शामिल किया है। यह जीत मेरी नहीं, आप सबकी है। हम पूरी ताकत से मोदी जी के नेतृत्व में क्षेत्र का विकास करेंगे।" इस अवसर पर आरंग नगर पालिका अध्यक्ष संदीप जैन जी, छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड ध्रुव कुमार मिर्धा, ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्याम नारंग जी, कृष्ण कुमार वर्मा, अरविंद ठाकुर जी, टेशवन बघेल, प्रतीक वैस, के के भरद्वाज, कृष्णा वर्मा, गोपाल वर्मा, ललिता वर्मा, जागृति बंजारे जी, सरपंच घसिया राम साहू, उप सरपंच सूरज साहू, द्वारिका साहू, टीकेश्वरी मुरली, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, भारी संख्या में कार्यकर्ता, मातृशक्ति और स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।
Tags:    

Similar News