थर्माकोल पेपर कटर से युवक पर जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-07-11 15:25 GMT
Sakti. सक्ती। सक्ती जिला मुख्यालय में युवक पर थर्माकोल पेपर कटर से किए गए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कृष्णा सारथी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने पैसों के विवाद को लेकर गुस्से में हमला करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया खून से सना थर्माकोल पेपर कटर भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

स्टेशन इलाके में हुई थी वारदात
यह पूरी घटना 8 जुलाई की रात सक्ती थाना क्षेत्र के स्टेशन इलाके की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी कृष्णा सारथी और घायल अभय चौहान उर्फ साहिल उर्फ बोंगा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने थर्माकोल पेपर कटर से साहिल पर हमला कर दिया। आरोपी ने साहिल के गले और सीने जैसे संवेदनशील हिस्सों पर लगातार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के बाद साहिल किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकलने में सफल रहा और पास के एक होटल तक पहुंचा। स्थानीय लोगों ने उसकी हालत देखकर तुरंत डायल-112 और पुलिस को सूचना दी।

गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सक्ती पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पहले जांजगीर रेफर किया। इसके बाद बेहतर उपचार के लिए घायल को बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज अभी भी जारी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। घायल की पत्नी की शिकायत पर सक्ती थाना में अपराध क्रमांक 304/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने गठित की विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। वहीं बिलासपुर में इलाज करा रहे घायल साहिल का कार्यपालिक दंडाधिकारी के माध्यम से मरणासन्न कथन भी दर्ज कराया गया। बयान में घायल ने कृष्णा सारथी द्वारा थर्माकोल पेपर कटर से हमला किए जाने की पुष्टि की।

पैसों के विवाद में किया हमला
पुलिस पूछताछ में आरोपी कृष्णा सारथी ने बताया कि साहिल उससे बार-बार पैसे मांग रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और फिर मारपीट की स्थिति बन गई। आरोपी ने स्वीकार किया कि गुस्से में आकर उसने साहिल पर जान से मारने की नीयत से हमला किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया थर्माकोल पेपर कटर बरामद कर लिया। हथियार पर खून के निशान पाए गए हैं, जिसे पुलिस ने जब्त कर जांच के लिए सुरक्षित रखा है।

न्यायालय ने भेजा जेल
पुलिस की कार्रवाई पूरी होने के बाद आरोपी कृष्णा सारथी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और अन्य तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है। सक्ती पुलिस का कहना है कि गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।
Tags:    

Similar News