Korba कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में लगातार बारिश और बांध में पानी की तेज आवक के चलते मिनीमाता हसदेव बांगो बांध के 9 गेट खोल दिए गए हैं। सभी गेट करीब 6 मीटर तक खोले गए हैं। बांध से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण हसदेव नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी उफान पर आने से निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। सीतामणी क्षेत्र में नदी का पानी कई घरों में घुस गया है। जल संसाधन विभाग के मुताबिक बांगो बांध में फिलहाल करीब 16,700 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है। जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए गेटों से करीब 32,080 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसके अलावा जल विद्युत संयंत्र से करीब 9,000 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज किया जा रहा है। इस तरह बांध से कुल लगभग 41,080 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
बांगो बांध का वर्तमान जलस्तर 358.60 मीटर बताया गया है। बांध अपनी कुल भराव क्षमता का करीब 93.65 प्रतिशत भर चुका है। पानी की आवक और बांध के जलस्तर को देखते हुए जल संसाधन विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। पिछले करीब सात घंटे में बांध का जलस्तर सात सेंटीमीटर कम हुआ है। विभाग के अनुसार बांध का जलस्तर 358.32 मीटर यानी करीब 92 प्रतिशत भराव क्षमता तक पहुंचने के बाद गेट बंद करने की प्रक्रिया की जाएगी। फिलहाल पानी की आवक और डिस्चार्ज के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा। बांगो बांध से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने का असर हसदेव नदी के आसपास बसे निचले क्षेत्रों में दिखाई देने लगा है। कोरबा के निचले सीतामणी क्षेत्र में नदी का पानी बस्ती तक पहुंच गया। यहां नदी किनारे स्थित करीब 8 से 10 घरों में पानी घुसने की जानकारी सामने आई है। अचानक जलस्तर बढ़ने से प्रभावित परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सीतामणी निवासी साधना चौहान के अनुसार बांध के गेट खोले जाने से कुछ समय पहले सूचना मिली थी, लेकिन इसके बाद पानी तेजी से बढ़ा और घरों में घुस गया। उन्होंने बताया कि घर में रखा अनाज और अन्य खाद्य सामग्री भी पानी की चपेट में आ गई। प्रभावित लोग अपने जरूरी सामान को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में जुटे रहे। हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद प्रशासन और जल संसाधन विभाग ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। नदी किनारे और जलभराव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखने को कहा गया है। बांध में पानी की आवक और नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। बारिश जारी रहने की स्थिति में लोगों से प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
Tags: