राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में दीपावली के दौरान जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिले की तुमड़ीबोड और चिचोला पुलिस चौकियों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 29 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और ताश के पत्तों समेत कुल 2 लाख 83 हजार 500 रुपए की सामग्री जब्त की है। इस कार्रवाई से जुआ खेलने वालों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, तुमड़ीबोड पुलिस चौकी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम धौराभाठा में नहर पार के पास कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान जुआ खेलते हुए 10 लोगों को पकड़ा गया। पुलिस ने इनके पास से 12 हजार 600 रुपए नकद, 8 मोबाइल फोन और 5 मोटरसाइकिल जब्त कीं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 2 लाख 68 हजार 600 रुपए आंकी गई है।
पकड़े गए आरोपियों में नोहर छत्री, विष्णु जागड़े, लालदास बंजारे, बोधीराम साहू, डिगेश्वर देशलहरे, अंकालुराम चतुर्वेदी, राजू खुटेल, उमनकुमार, ननकु राम बंजारे और तिजेन्द्र साहू शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें एसडीएम न्यायालय राजनांदगांव में पेश किया।
इसी तरह चिचोला पुलिस चौकी ने भी जुआरियों के खिलाफ अभियान चलाया। चौकी प्रभारी निरीक्षक मुकेश्वर ध्रुव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लालबहादुर नगर, उरईडबरी और पटपर गांव में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। इस कार्रवाई में कुल 19 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 13 हजार 900 रुपए नकद और ताश के पत्ते जब्त किए।
पुलिस के मुताबिक, लालबहादुर नगर और उरईडबरी से पकड़े गए 10 लोगों के पास से 2 हजार 800 रुपए नकद और 52 पत्ती ताश बरामद की गई। वहीं पटपर और लालबहादुर नगर से पकड़े गए 9 लोगों के कब्जे से 11 हजार 100 रुपए नकद और ताश के पत्ते जब्त किए गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। यह अभियान पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में चलाया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Tags: