ब्रांडेड घी की गुणवत्ता पर उठे सवाल, अमूल, गोवर्धन और वचन के सैंपल जांच में फेल
छत्तीसगढ़.
बिलासपुर: करीब एक महीने पहले 9 प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य नमूने प्रयोगशाला जांच में फेल हो गए हैं। इनमें अमूल, गोवर्धन और वचन ब्रांड के घी के नमूनों के साथ पनीर, दही, एग करी, चना और रिलायंस रिटेल से लिया गया लाल किला ब्रांड का पोहा भी शामिल है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के मुताबिक, सभी नमूनों की जांच रायपुर की प्रयोगशाला में कराई गई थी। जांच में नेशनल डेयरी का पनीर, एलिमेंटो कैफे का पनीर, अल-कार्टे का पनीर और दही, गरिमा फैमिली ढाबा की एग करी, रिलायंस रिटेल भाटापारा का चना और लाल किला पोहा, अमृतुल्य फूड एंड बेवरेजेज का पनीर तथा सेलेस्टी रेस्टोरेंट का पनीर मानकों पर खरा नहीं उतरा।
इसके अलावा शौर्य सुपर मार्ट से लिए गए अमूल और गोवर्धन घी के नमूने तथा देवरीखुर्द स्थित अपना मार्ट से लिया गया वचन घी का नमूना भी जांच में फेल हुआ। त्योहार के दौरान मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ खाद्य विभाग ने दुकानों की जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को निर्धारित अधिकारी आर.आर. देवांगन के मार्गदर्शन में टीम ने बस स्टैंड के पास सूर्या रॉयल स्वीट्स से खोवा, जूनाबिलासपुर के बजरंग प्रसाद भंडार से कुंदा और बेसन लड्डू तथा बजरंगबली स्वीट्स से काजू कतली का नमूना लिया।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी खिरसागर पटेल और प्रतीक तिवारी भी इस कार्रवाई में शामिल रहे। नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। जांच में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।