बिलासपुर: फर्जी खबरें चलाने, AI टूल से लोगों की तस्वीरों में छेड़छाड़ करने और आपत्तिजनक सामग्री फैलाकर ब्लैकमेल करने के आरोप में गिरफ्तार रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन को अदालत से राहत नहीं मिली। नवम सत्र न्यायाधीश की अदालत ने मामले को गंभीर माना और उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, दीपक टंडन पर आरोप है कि वह एक न्यूज पोर्टल की आड़ में ऐसी भ्रामक खबरें छापता था जिनसे लोगों की छवि को नुकसान पहुंचे। आरोप यह भी है कि वह AI टूल की मदद से लोगों की तस्वीरों में छेड़छाड़ करके अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री बनाता था। फिर ये तस्वीरें और भ्रामक खबरें फैलाकर संबंधित लोगों पर पैसे देने का दबाव बनाया जाता था। तिफरा के रहने वाले मणिशंकर पांडेय की शिकायत पर सिरगिट्टी थाने में इस मामले का अपराध दर्ज हुआ था।
6 नवंबर को रायपुर से हुई थी गिरफ्तारी
जांच के दौरान पुलिस ने 6 नवंबर को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर में रजत प्राइम अपार्टमेंट से दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था। उसके पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। पुलिस का दावा है कि इन फोनों की जांच में आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो मिले हैं।
प्रोडक्शन वारंट पर रायपुर लाया गया
ताजा जानकारी के मुताबिक, पुलिस दीपक टंडन को प्रोडक्शन वारंट पर बिलासपुर से रायपुर लेकर आई और उसे कोर्ट में पेश किया गया। दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ रायपुर, कोरबा और सक्ती समेत प्रदेश भर में करीब 10 FIR दर्ज हैं।
इन मामलों में दोनों पर कई तरह के आरोप हैं:
होटल पर अवैध कब्जा
जमीन से जुड़ी धोखाधड़ी और फर्जी सौदे
फॉर्च्यूनर कार बेचने के नाम पर 20 लाख रुपये की ठगी
कोयला कारोबारियों और SECL में ठेका दिलाने के नाम पर ठगी
पैसे वापस मांगने पर धमकी देना
AI से बनी तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेलिंग
पूर्व डीएसपी विवाद में भी आया था नाम
दीपक टंडन का नाम इससे पहले पूर्व डीएसपी कल्पना वर्मा से जुड़े विवाद में भी सामने आ चुका है। फिलहाल पुलिस जब्त मोबाइल फोन और बाकी डिजिटल सबूतों की बारीकी से जांच कर रही है।
Tags: