टैक्सी चालकों की हड़ताल, यात्रियों के लिए एयरपोर्ट डायरेक्टर ने किया बस का इंतजाम
रायपुर। एयरपोर्ट पर टैक्सी चालकों ने किराया बढ़ाने की मांग को लेकर आज हड़ताल कर दी है। टैक्सी सेवाएं प्रभावित होने से यात्रियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थिति को देखते हुए एयरपोर्ट डायरेक्टर मोहम्मद आरिफ ने यात्रियों की सुविधा के लिए बस की व्यवस्था कराई है।
जानकारी के अनुसार, एयरपोर्ट पर संचालित टैक्सी सेवाओं से जुड़े चालकों ने किराए में बढ़ोतरी की मांग को लेकर हड़ताल शुरू की है। टैक्सी चालकों की हड़ताल के कारण एयरपोर्ट पहुंचने और यहां से अपने गंतव्य तक जाने वाले यात्रियों को असुविधा हो रही है।
यात्रियों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट प्रबंधन ने वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था की पहल की है। एयरपोर्ट डायरेक्टर मोहम्मद आरिफ ने यात्रियों के आवागमन के लिए बस का इंतजाम कराया है, ताकि टैक्सी चालकों की हड़ताल के दौरान यात्रियों को राहत मिल सके।