कलेक्टर ने स्कूलपारा मारजूम में केले की उन्नत खेती का किया अवलोकन

छग

Update: 2026-07-09 15:44 GMT
Dantewada. दंतेवाड़ा। अपने निरीक्षण भ्रमण के दौरान कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने जिले के दूरस्थ ग्राम स्कूलपारा मारजूम के प्रगतिशील किसान जुगल नाग के खेत का निरीक्षण किया।ज्ञातव्य है कि जुगल नाग द्वारा लगभग 2 एकड़ भूमि में बड़े पैमाने पर केले की खेती की जा रही है, जिसे देखकर कलेक्टर ने उनकी मेहनत, नवाचार और आत्मनिर्भरता की सराहना की। उन्होंने कहा कि पारंपरिक खेती के साथ फलोत्पादन जैसी लाभकारी फसलों को अपनाकर किसान अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान जुगल नाग ने बताया कि उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद खेती को ही आजीविका का माध्यम बनाया। उन्होंने वैज्ञानिक तरीके से केले की खेती शुरू की, जिसका आज उन्हें अच्छा लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि केले की खेती से उन्हें प्रतिवर्ष लगभग डेढ़ लाख रुपये की आय प्राप्त होती है। उनके खेत में तैयार होने वाले केले की बिक्री मुख्य रूप से कटेकल्याण बाजार सहित आसपास के अन्य बाजारों में की जाती है, जिससे उन्हें नियमित आय का स्रोत मिला है।
कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने जुगल नाग के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उन्हें आगे भी आधुनिक एवं उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि जुगल नाग जैसे प्रगतिशील किसान अन्य किसानों के लिए प्रेरणा हैं। यदि किसान परंपरागत खेती के साथ उद्यानिकी एवं नकदी फसलों को अपनाएं तो कम भूमि में भी बेहतर उत्पादन और अधिक आय अर्जित की जा सकती है। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को भी ऐसे किसानों को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि जिले में फलोत्पादन और आयवर्धक कृषि को और अधिक बढ़ावा मिल सके। इस दौरान जनपद पंचायत सीईओ आशीष डे, तहसीलदार आशा मौर्य सहित फील्ड के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।
Tags:    

Similar News