रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस एवं राज्योत्सव 2026 के अवसर पर प्रदेश की 36 विभूतियों और संस्थाओं को राज्य स्तरीय सम्मान एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इनमें साहित्य, पत्रकारिता, खेल, कला-संस्कृति, सामाजिक चेतना, महिला उत्थान, कृषि, चिकित्सा, श्रम, विधि और ग्रामीण पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्ति और संस्थाएं शामिल हैं।

जारी सूची के अनुसार, आदिवासी सामाजिक चेतना एवं उत्थान के लिए शहीद वीरनारायण सिंह स्मृति सम्मान धमतरी के दुमन लाल ध्रुव को दिया जाएगा। अहिंसा एवं गौरक्षा के क्षेत्र में यति यतनलाल सम्मान दुर्ग के कुम्हारी स्थित विश्व गीता धाम गोविन्द पक्षी सेवा धाम को मिलेगा। खेल के क्षेत्र में गुण्डाधूर सम्मान कोंडागांव की संजू देवी तथा महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान बालोद के टोमन कुमार को दिया जाएगा।
महिला उत्थान के लिए मिनीमाता सम्मान गरियाबंद के लोक आस्था सेवा संस्थान और सामाजिक चेतना एवं अनुसूचित जाति उत्थान के लिए गुरु घासीदास सम्मान कबीरधाम के सुखदेव भास्कर को मिलेगा। सहकारिता के क्षेत्र में ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार बस्तर के चित्रकोट स्थित प्राथमिक कुकड़क मछुआ सहकारी समिति को प्रदान किया जाएगा। सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक क्षेत्र में पंडित रविशंकर सागर सम्मान बिलासपुर के तेजराम सेवा प्रतिष्ठान को दिया जाएगा।
कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में हबीब तनवीर सम्मान रायपुर के डॉ. पूरनसत्त चंदाकर, हिंदी साहित्य के लिए पं. सुंदरलाल शर्मा सम्मान राजनांदगांव के डॉ. विहंगालाल साहू, शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य के लिए चक्रधर सम्मान रायपुर के डॉ. एम. श्रीराम मूर्ति तथा लोक नाट्य एवं लोक शिल्प के लिए दाऊ मंदराजी सम्मान रायपुर की रेखा जलक्षत्री को मिलेगा। कृषि के क्षेत्र में डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार कबीरधाम के पुनीदास भट्ट और सामाजिक समरसता के लिए महाराजा अग्रसेन सम्मान रायपुर के बाबूलाल अग्रवाल को दिया जाएगा।
पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रिंट मीडिया (हिंदी) के लिए चंदूलाल चंद्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार रायपुर के प्रमोद कुमार साहू, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया (हिंदी) के लिए वरुण सखाजी एवं रश्मिका पांडेय तथा प्रिंट मीडिया (अंग्रेजी) के लिए मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार शिशिर रॉय चौधरी को मिलेगा। आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में धन्वंतरि सम्मान डॉ. दिनेश कुमार नाग तथा मत्स्य पालन के लिए श्रीमती बिलासा देवी केंवट मत्स्य विकास पुरस्कार बालोद के प्रदीप कुमार सोनी को दिया जाएगा।
संस्कृत भाषा के लिए राजेश्री महंत वैष्णवदास जी महाराज संस्कृत भाषा सम्मान डॉ. बहुरन सिंह पटेल को मिलेगा। आदिवासी सेवा के लिए डॉ. भंवरसिंह पोर्ते आदिवासी सेवा सम्मान नवा रायपुर के सत्य साई संजीवनी अस्पताल को प्रदान किया जाएगा। श्रम के क्षेत्र में स्व. रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड की कुकुरदीह इकाई को मिलेगा। अपराध अनुसंधान के लिए पंडित लखनलाल मिश्र सम्मान रायपुर के उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार ध्रुव को दिया जाएगा।
छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान दंतेवाड़ा की दीपाली सरावगी को मिलेगा। सिनेमा लेखन एवं अभिनय के लिए किशोर साहू सम्मान सैयद ताहिर अली (करन खान), छत्तीसगढ़ी लोकगीत के लिए लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान दुर्ग की साधना यादव, पंथी नृत्य के लिए देवदास बंजारे स्मृति पंथी नृत्य पुरस्कार सी.एल. रात्रे तथा छत्तीसगढ़ी लोक संगीत के लिए खुमान साव सम्मान रायपुर के चंद्रभूषण वर्मा को प्रदान किया जाएगा।
आंचलिक साहित्य एवं लोक कविता के लिए लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार दुर्ग के दुर्गा प्रसाद पारकर और सिनेमा निर्देशन के लिए किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण जांजगीर-चांपा के मोहन सुंदरानी को मिलेगा। विधि के क्षेत्र में बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल सम्मान कौस्तुभ शुक्ला और हेमंत कुमार मिश्र को संयुक्त रूप से दिया जाएगा। महिलाओं के उत्थान एवं नशा निवारण के लिए माता बहादुर कलारिन सम्मान कांकेर की बुलबुल वैद्य को मिलेगा।
रचनात्मक हिंदी लेखन के लिए पंडित माधव राव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक अनंत विजय, पंडवानी कला के लिए डॉ. तीजन बाई सम्मान दुर्ग के चेतन लाल देवांगन तथा ग्रामीण पर्यटन के लिए चेंदूरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार कबीरधाम के सत्येंद्र कुमार उपाध्याय को दिया जाएगा। सामाजिक समानता और साहित्य के क्षेत्र में संत रविदास सम्मान जांजगीर-चांपा के जगदीश प्रसाद देशमुख को प्रदान किया जाएगा।
Tags: