धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य आने वाले वर्षों में किसानों की मासिक आय 40 से 50 हजार रुपये तक पहुंचाना है। मुख्यमंत्री ने किसानों से अपनी जमीन नहीं बेचने और प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की।

मुख्यमंत्री बुधवार को कांगड़ा स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा के सभागार में राजीव गांधी प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना के लाभार्थियों से संवाद कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने किसानों के अनुभव सुने और कृषि क्षेत्र की समस्याओं एवं चुनौतियों पर चर्चा की।

सीएम सुक्खू ने घोषणा की कि अगले वर्ष से हल्दी का न्यूनतम समर्थन मूल्य 150 रुपये से बढ़ाकर 170 रुपये प्रति किलो और गेहूं का समर्थन मूल्य 80 रुपये से बढ़ाकर 90 रुपये प्रति किलो किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि ढगवार में करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र बनाया जा रहा है। इस संयंत्र के माध्यम से किसानों से प्रतिदिन 1.50 लाख लीटर दूध खरीदा जाएगा। दूध को संयंत्र तक पहुंचाने का परिवहन खर्च भी सरकार वहन करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था हिमाचल की रीढ़ है। सरकार किसानों और बागवानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने युवाओं के लिए प्रदेश में ही रोजगार के अवसर विकसित करने की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रगतिशील किसानों को सम्मानित भी किया।

Tags: