मंडी: हिमाचल प्रदेश के सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू), मंडी के प्रोफेसर डॉ. लखवीर सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। रसायन विज्ञान विभाग के अध्यक्ष एवं डीन योजना एवं विकास डॉ. सिंह को तुर्किये की प्रमुख राष्ट्रीय वैज्ञानिक अनुसंधान एवं वित्तपोषण संस्था की ओर से प्रतिष्ठित विजिटिंग साइंटिस्ट फेलोशिप प्रदान की गई है।

इस फेलोशिप के तहत प्रो. सिंह इस्तांबुल स्थित बिरूनी यूनिवर्सिटी में हरित हाइड्रोजन और स्वच्छ हाइड्रोजन ईंधन उत्पादन की आधुनिक तकनीकों पर शोध करेंगे। उनका अनुसंधान जैविक अपशिष्ट और अपशिष्ट जल से स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन, माइक्रोबियल इलेक्ट्रोलाइसिस सेल तथा बायोइलेक्ट्रोकेमिकल सिस्टम जैसी तकनीकों पर केंद्रित रहेगा।

सोलन जिले की नालागढ़ तहसील के खिल्लियां गांव से संबंध रखने वाले प्रो. सिंह का नाम स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी और एल्सेवियर की विश्व के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में भी शामिल रहा है।

उन्हें 13 वर्षों से अधिक का अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक एवं अनुसंधान अनुभव है। उनके नाम 130 से अधिक शोध पत्र, 30 से अधिक पुस्तकें, 15 से अधिक पुस्तक अध्याय और चार पेटेंट दर्ज हैं। उनके शोध कार्यों को 10 हजार से अधिक साइटेशन मिले हैं तथा उनका एच-इंडेक्स 57 है।

प्रो. सिंह अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, मलेशिया और सऊदी अरब सहित कई देशों के संस्थानों के साथ शोध सहयोग कर चुके हैं।

इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. ललित अवस्थी ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान प्रो. सिंह की उत्कृष्ट शोध क्षमता और अंतरराष्ट्रीय पहचान को दर्शाता है। विश्वविद्यालय प्रशासन शिक्षकों और विद्यार्थियों को बेहतर शोध सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयासरत है।

Tags: