शिमला में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 195 ग्राम अफीम के साथ दो गिरफ्तार
शिमला पुलिस का बड़ा एक्शन, अफीम के साथ 68 हजार रुपये नकद बरामद
शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 195 ग्राम अफीम और 68 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इस मामले में मंडी जिले के दो व्यक्तियों को पकड़ा गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार तड़के सुन्नी थाना पुलिस की टीम ने अपर भारगन क्षेत्र में जंगल मोड़ के पास नाकाबंदी की थी। इसी दौरान माधोघाट की ओर से आ रही एक गाड़ी को जांच के लिए रोका गया। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर पिछली डिक्की में रखे कैरी बैग से अफीम और नकदी बरामद हुई।
पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान गुरजीत सिंह (36) पुत्र कुंदन लाल निवासी करसोग, जिला मंडी और करम दास (49) पुत्र जिउणू राम निवासी निहरी, जिला मंडी के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ और नकदी को कब्जे में लेकर थाना सुन्नी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अब यह पता लगाया जा रहा है कि अफीम कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि पकड़े गए व्यक्तियों का संबंध किसी बड़े नशा सप्लाई नेटवर्क से तो नहीं है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अफीम की आपूर्ति से जुड़े संभावित संपर्कों का पता लगाया जा रहा है।