नकली दवा बनाने वालों की खैर नहीं, CM सुक्खू ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
"नकली दवा कारोबारियों पर कसेगा शिकंजा, अस्पतालों में गुणवत्तापूर्ण दवाओं पर जोर"
धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश में नकली और घटिया दवाइयों के निर्माण एवं आपूर्ति को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले दवा कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश सरकार ने इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं और केंद्र स्तर पर भी संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के लिए कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। दवाओं की खरीद में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए 500 करोड़ रुपये से अधिक वार्षिक कारोबार वाली कंपनियों की शर्त निर्धारित की गई थी। हालांकि, छोटे दवा आपूर्तिकर्ताओं के हाईकोर्ट पहुंचने के बाद अदालत ने इस शर्त पर रोक लगा दी है।
सुक्खू ने कहा कि दवाइयों की गुणवत्ता सीधे लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ी है और सरकार इस मामले में किसी तरह का समझौता नहीं करेगी।
इससे पहले बुधवार को धर्मशाला विधानसभा परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और विधानसभा अध्यक्ष सहित अन्य गणमान्य लोगों ने इंदिरा गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की एकता और अखंडता के लिए इंदिरा गांधी के योगदान और बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
वहीं, मंडी जिले के लडभड़ोल में हुए सड़क हादसे में छह युवकों की मौत पर भी मुख्यमंत्री ने गहरा दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि संतान को खोने का दुख माता-पिता के लिए असहनीय होता है।
मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि दुख की इस घड़ी में प्रदेश सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और नियमों के अनुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।