हिमाचल के इस कॉलेज में सबसे ज्यादा विद्यार्थी, शताब्दी समारोह में शिक्षा मंत्री ने बताई खासियत
ऑडिटोरियम से लाइब्रेरी तक पूर्व विद्यार्थियों का योगदान, 100 साल के जश्न में गूंजा कॉलेज का गौरव
धर्मशाला: राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला के शताब्दी समारोह का आयोजन सोमवार को ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन की ओर से किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने महाविद्यालय के गौरवशाली इतिहास के 100 वर्ष पूरे होने पर आयोजकों, पूर्व विद्यार्थियों, वर्तमान विद्यार्थियों, शिक्षकों और पूरे महाविद्यालय परिवार को बधाई दी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि धर्मशाला महाविद्यालय ने अपनी लंबी शैक्षणिक यात्रा के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। इस संस्थान से शिक्षा प्राप्त करने वाले अनेक विद्यार्थियों ने अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है।
133 सरकारी कॉलेजों में सबसे अधिक विद्यार्थी धर्मशाला में
रोहित ठाकुर ने कहा कि वर्तमान में हिमाचल प्रदेश में सरकारी क्षेत्र के कुल 133 महाविद्यालय संचालित हैं। इनमें सबसे अधिक विद्यार्थी नामांकन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला में है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि संस्थान की लोकप्रियता, शैक्षणिक गुणवत्ता और समाज में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाती है। महाविद्यालय ने समय के साथ शिक्षा के बदलते स्वरूप को अपनाते हुए अपने शैक्षणिक विषयों और पाठ्यक्रमों का विस्तार किया है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की पहचान केवल उसके भवन और सुविधाओं से नहीं होती, बल्कि वहां से निकलने वाले विद्यार्थियों की उपलब्धियों और समाज में उनके योगदान से होती है। इस दृष्टि से धर्मशाला महाविद्यालय का इतिहास गौरवशाली रहा है।
अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ियों सहित कई विभूतियां सम्मानित
शताब्दी समारोह के दौरान शिक्षा मंत्री ने महाविद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इन पूर्व विद्यार्थियों ने शिक्षा, साहित्य, ललित कला, विज्ञान, चिकित्सा, कला, विधानसभा और सैन्य सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
इस अवसर पर महाविद्यालय की पूर्व छात्राओं एवं अंतरराष्ट्रीय महिला कबड्डी खिलाड़ियों भावना, ज्योति, पुष्पा और निकिता को भी उनकी खेल उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान पूर्व विद्यार्थियों और वर्तमान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
पूर्व विद्यार्थियों के योगदान को बताया प्रेरणास्रोत
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने महाविद्यालय के विकास में ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन की भूमिका की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि पूर्व विद्यार्थियों का अपने शिक्षण संस्थान के प्रति जुड़ाव और योगदान अत्यंत सराहनीय है।
उन्होंने बताया कि एसोसिएशन ने महाविद्यालय में ऑडिटोरियम और लाइब्रेरी के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके अलावा पौधरोपण, रक्तदान शिविर और अन्य सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से भी संस्थान के विकास में योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि पूर्व विद्यार्थियों का अनुभव, सहयोग और मार्गदर्शन वर्तमान पीढ़ी के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। किसी भी शिक्षण संस्थान की प्रगति में पूर्व विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
समारोह में जनप्रतिनिधि और महाविद्यालय परिवार मौजूद
कार्यक्रम में पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक आशीष बुटेल, पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा, पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी विजय करण सहित ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव गांधी, महासचिव अश्वनी कौल और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा बड़ी संख्या में पूर्व विद्यार्थी, शिक्षक और वर्तमान विद्यार्थियों ने भी समारोह में भाग लिया। शताब्दी समारोह के माध्यम से महाविद्यालय की 100 वर्षों की शैक्षणिक उपलब्धियों, पूर्व विद्यार्थियों के योगदान और संस्थान की गौरवशाली विरासत को याद किया गया।