श्रीनगर: खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के मंत्री सतीश शर्मा ने गुरुवार को विधानसभा को बताया कि जम्मू-कश्मीर सरकार ने अंत्योदय अन्न योजना (एएवाई) वाले परिवारों को हर साल छह मुफ़्त एलपीजी सिलेंडर देने की योजना को मंज़ूरी दी है। इस घोषणा के बाद  सदन में हंगामा मच गया और बीजेपी सदस्यों ने झूठी सरकार और यह धोखा है के नारे लगाए।

विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने कहा कि सरकार ने चुनाव के दौरान हर घर को 12 मुफ़्त सिलेंडर देने का वादा किया था लेकिन अब इसे सिर्फ़ एएवाई परिवारों के लिए छह सिलेंडर तक सीमित कर दिया है। विपक्ष के नेता ने कहा कि दो साल पहले आपने हर घर के लिए 12 मुफ़्त सिलेंडर देने की घोषणा की थी। आज मंत्री कह रहे हैं कि सिर्फ़ एएवाई परिवारों को छह सिलेंडर दिए जाएंगे। यह मज़ाक है, आपकी असलियत सामने आ गई है। उन्होंने कहा कि आपने लोगों के साथ धोखा किया है। सभी को छह सिलेंडर भी न देना ग़रीबों के साथ धोखा है।

विपक्ष के नेता ने सरकार से एक लाख नौकरियों और 200 यूनिट मुफ़्त बिजली देने के वादे पर भी सवाल उठाए।

इन टिप्पणियों के बाद सत्ता पक्ष की ओर से विरोध शुरू हो गया जबकि बीजेपी सदस्य नारे लगाते रहे जिससे दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। कुछ देर तक हंगामा जारी रहने के बाद स्पीकर अब्दुल रहीम राथर ने व्यवस्था बहाल करने की कोशिश की।

Tags: