झारखंड की बेटियों ने बढ़ाया मान, सिल्वर मेडल जीतकर रांची पहुंचीं भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी

Update: 2026-07-26 17:59 GMT
Jharkhand झारखंड: ओमान के मस्कट में आयोजित एफआईएच यूथ हॉकी फाइव्स एशियाई चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की पांच खिलाड़ी रविवार को रांची पहुंचीं। एयरपोर्ट पर पहुंचते ही खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। हॉकी प्रेमियों और खेल संघ के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और उनकी उपलब्धि पर गर्व जताया।
भारतीय महिला टीम ने इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया और अब टीम ने एफआईएच हॉकी फाइव्स वर्ल्ड कप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि में झारखंड की बेटियों की अहम भूमिका रही।
हॉकी झारखंड के महासचिव बिजय शंकर सिंह ने कहा कि यह पूरे झारखंड के लिए गर्व का क्षण है कि भारतीय टीम में शामिल 10 खिलाड़ियों में से पांच खिलाड़ी झारखंड की बेटियां हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की खिलाड़ी लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं और आने वाले समय में विश्व कप में भी बेहतर प्रदर्शन करेंगी।
बिजय शंकर सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह की ओर से भी सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी गई हैं। उन्होंने बताया कि हॉकी इंडिया की ओर से प्रत्येक खिलाड़ी को एक-एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
रांची एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों के स्वागत के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रशंसकों ने खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उनकी मेहनत और उपलब्धि की सराहना की। खिलाड़ियों ने भी अपने परिवार, कोच और समर्थकों का धन्यवाद दिया, जिनके सहयोग से वे इस मुकाम तक पहुंचीं।
झारखंड लंबे समय से भारतीय हॉकी को प्रतिभाशाली खिलाड़ी देता रहा है। राज्य की महिला खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर लगातार अपनी पहचान बना रही हैं। हॉकी विशेषज्ञों का मानना है कि इस सफलता से झारखंड में हॉकी के प्रति युवाओं का उत्साह और बढ़ेगा।
Tags:    

Similar News