पलामू में ताश खेल रहे व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
Palamu, पलामू। झारखंड के पलामू जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के मधुबना गांव में एक व्यक्ति की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान प्रभुनाथ रजवार के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम प्रभुनाथ रजवार गांव के कुछ लोगों के साथ बैठकर ताश खेल रहे थे। इसी दौरान गांव का ही उमेश सिंह वहां पहुंचा और कथित तौर पर बलुआ (धारदार देसी हथियार) से उन पर हमला कर दिया। हमले में प्रभुनाथ गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके एक हाथ पर गंभीर चोट आई और शरीर के कई हिस्सों में गहरे घाव हो गए।
घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने उन्हें तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
पिपरा थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि मधुबना गांव में एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हत्या के पीछे का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
वहीं, पिपरा के पूर्व जिला परिषद सदस्य संदीप पासवान ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। बताया जा रहा है कि मृतक प्रभुनाथ रजवार खेतिहर मजदूर थे और गांव में रहकर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।