Bikaner: नशे के कारोबार पर लगाम के लिए बीकानेर रेंज का अभियान

बीकानेर रेंज में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान तेज

Update: 2026-07-28 13:20 GMT

बीकानेर: पुलिस महानिदेशक, राजस्थान के निर्देशानुसार बीकानेर रेंज में युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर नशा मुक्ति जन-जागृति अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत बीकानेर रेंज के श्रीगंगानगर जिले में अब तक आठ जन-जागरण कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें हजारों नागरिकों ने भाग लेकर नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।

रेंज के आईजी पुलिस ओमप्रकाश ने पत्रकाराें काे बताया कि अभियान के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, जनसभाओं और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य केवल जन-जागरूकता तक सीमित नहीं है, बल्कि मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई भी लगातार जारी है।

सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय भारत-पाक सीमा पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। बॉर्डर क्षेत्रों में कार्यरत विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण किया जा रहा है। साथ ही आधुनिक तकनीक एवं संसाधनों का उपयोग कर अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई

रेंज में अब तक 57 इस्तगासे तैयार कर 57 कार्रवाई की गई है। इनमें श्रीगंगानगर में 29, हनुमानगढ़ में 15, बीकानेर में 12 तथा चूरू में 1 कार्रवाई शामिल है। मादक पदार्थ तस्करों की अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई करते हुए अब तक 27 प्रकरणों में 17 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस दौरान 30 संपत्तियां फ्रीज अथवा अतिक्रमण मुक्त कराई गईं, जिनकी अनुमानित कीमत 17 करोड़ 63 लाख 15 हजार 547 रुपये है। मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अपराधियों के 62 अवैध अतिक्रमण चिह्नित किए गए, जिनमें से 54 अतिक्रमण ध्वस्त किए जा चुके हैं। इन संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 30 करोड़ 95 लाख रुपये है। एनडीपीएस एक्ट के अतिरिक्त अन्य अपराधों में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध भी कार्रवाई करते हुए 12 अवैध अतिक्रमण हटाए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 7 करोड़ 2 लाख रुपये आंकी गई है।

भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में अब तक 201 अवैध अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं। इनमें 156 अतिक्रमण हटाए जा चुके हैं तथा महिलाओं सहित प्रभावित परिवारों का नियमानुसार पुनर्वास भी किया गया है। केवल फायर आर्म्स से जुड़े मामलों में 254 प्रकरण दर्ज कर 281 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान 271 अवैध हथियार (250 स्वदेशी एवं 21 विदेशी) जब्त किए गए।

25 फरवरी 2026 से अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रमुख उपलब्धियाें के क्रम में 1,127 प्रकरण दर्ज करते हुए 1,463 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। वहीं 82.181 किलोग्राम हेरोइन जब्त, 80,539 नशीली गोलियां बरामद, 62,99,132 रुपये नकद जब्त, 14,37,069 अन्य नशीली गोलियां बरामद, 356 वाहन जब्त किए।

साथ ही अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से तस्करी के 17 प्रकरणों का खुलासा कर 41 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान 67.354 किलोग्राम हेरोइन, 985 ग्राम अफीम, 2 ड्रोन, 11 पिस्टल, 11 मैगजीन, 397 कारतूस, 2 कारें, 23 मोबाइल फोन तथा 1.61 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।

बीकानेर रेंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा मादक पदार्थों की तस्करी, संगठित अपराध और अवैध गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News