Bikaner: एमजीएसयू का बड़ा सम्मान, दो हस्तियों को मिली मानद विद्यावाचस्पति उपाधि
विजया रहाटकर व प्रो. अच्युत सामंत की उपलब्धियों को मिला सम्मान
बीकानेर: महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय (एमजीएसयू) 31 जुलाई को जयपुर स्थित लोकभवन में विशेष दीक्षांत समारोह आयोजित करेगा। समारोह में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर रहाटकर तथा शिक्षाविद् एवं समाजसेवी प्रो. अच्युत सामंत को सामाजिक विज्ञान संकाय की विद्यावाचस्पति (मानद) उपाधि से अलंकृत किया जाएगा।
विश्वविद्यालय के कुलगुरु आचार्य मनोज दीक्षित ने बताया कि यह समारोह केवल विशिष्ट व्यक्तित्वों को मानद उपाधि प्रदान करने का अवसर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में उनके असाधारण योगदान, आदर्शों और मानवीय मूल्यों का सम्मान भी है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय अपनी गौरवशाली परंपरा का निर्वहन करते हुए उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित कर रहा है। इससे पहले भारतीय संस्कृति के प्रख्यात मूर्तिकार अरुण योगीराज को भी विश्वविद्यालय की मानद उपाधि से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि मानद उपाधि केवल शैक्षणिक सम्मान नहीं, बल्कि समाज के प्रति असाधारण सेवा, उत्कृष्ट नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाले व्यक्तित्वों के प्रति विश्वविद्यालय की कृतज्ञता का प्रतीक है। ऐसे व्यक्तित्व युवाओं को दृढ़ संकल्प, अनुशासन, परिश्रम और सेवा-भाव के साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
आचार्य दीक्षित ने कहा कि विजया किशोर रहाटकर ने भारतीय महिलाओं के सम्मान, अधिकार, सुरक्षा और नेतृत्व को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। एक कुशल प्रशासक होने के साथ वह गंभीर चिंतक, लेखिका और सामाजिक चेतना की सशक्त आवाज भी हैं। उन्होंने प्रत्येक दायित्व को लोकसेवा और जनविश्वास के अवसर के रूप में निभाया है।
उन्होंने बताया कि प्रो. अच्युत सामंत ने कलिंगा औद्योगिक प्रौद्योगिकी संस्थान (केआईआईटी), कलिंगा सामाजिक विज्ञान संस्थान (केआईएसएस) और कलिंगा आयुर्विज्ञान संस्थान के माध्यम से लाखों विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, आवास, कौशल विकास और सम्मानजनक जीवन के अवसर उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने 'आर्ट ऑफ गिविंग', कन्या किरण' और 'एजुकेशन फॉर ऑल' जैसे सामाजिक अभियानों की भी शुरुआत की। प्रो. सामंत को अब तक 75 मानद उपाधियां, अनेक अंतरराष्ट्रीय फेलोशिप, 50 से अधिक अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार, बहरीन और मंगोलिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान सहित 200 से अधिक राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव यशपाल आहूजा ने बताया कि राज्यपाल की स्वीकृति से विशेष दीक्षांत समारोह 31 जुलाई को प्रातः 11:30 बजे लोकभवन, जयपुर में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे की अध्यक्षता में आयोजित होगा। समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल तथा उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा को आमंत्रित किया गया है। विश्वविद्यालय प्रबंध बोर्ड के सदस्यों और विभिन्न संकायों के अधिष्ठाताओं को भी समारोह में आमंत्रित किया गया है।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी उमेश शर्मा ने बताया कि विशेष दीक्षांत समारोह की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं तथा इसके लिए विभिन्न समितियों का गठन कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।