रामधाम में हरित श्रृंगार से सजे प्रभु श्रीराम-रामेश्वरम, उमड़े श्रद्धालु
Bhilwara, भीलवाड़ा । हरियाली अमावस्या के अवसर पर हमीरगढ़ रोड स्थित रामधाम में भक्ति और प्रकृति का सुंदर संगम देखने को मिला। प्रभु श्री राम-रामेश्वरम का विशेष हरित श्रृंगार किया गया, जबकि पूरे आश्रम परिसर को हरी पत्तियों, पुष्पों और आकर्षक झांकियों से सजाया गया। प्रभु के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। ट्रस्ट के सचिव अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि हरित श्रृंगार में सजे प्रभु के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। चातुर्मास की आध्यात्मिक महिमा के बीच श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से हरित शिव अभिषेक किया तथा विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। पूरे दिन आश्रम परिसर जय श्रीराम और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजता रहा। धार्मिक वातावरण में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया। ट्रस्ट के अध्यक्ष सूर्य प्रकाश मानसिंहका ने बताया कि चातुर्मास के दौरान रामधाम में निरंतर धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। हरियाली अमावस्या के विशेष आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रभु के अलौकिक स्वरूप के दर्शन किए और स्वयं को धन्य माना।