गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक नवंबर को गोरखपुर में करीब 1663 करोड़ रुपये की 88 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। दीपावली से पहले प्रस्तावित कार्यक्रम में सड़क, रेल संपर्क, बाढ़ बचाव, जलनिकासी और सीवर प्रबंधन से संबंधित कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री चौरीचौरा के भोपा बाजार में गोरखपुर-भटनी रेलखंड पर बने रेल ओवरब्रिज का उद्घाटन करेंगे। करीब 650 मीटर लंबे इस पुल की लागत 59.44 करोड़ रुपये है। इससे रेलवे फाटक बंद होने के दौरान लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
शहर में 495.24 करोड़ रुपये की गोड़धोइया नाला परियोजना के पहले चरण का भी लोकार्पण प्रस्तावित है। इसके साथ 92.72 करोड़ रुपये के दूसरे चरण और नाले के समानांतर 65.93 करोड़ रुपये की सड़क परियोजना का शिलान्यास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री 721.40 करोड़ रुपये की गोरखपुर सीवरेज योजना जोन ए-3 की आधारशिला भी रखेंगे। अमृत 2.0 के तहत प्रस्तावित इस योजना में 17 वार्डों में करीब 350 किलोमीटर सीवर लाइन बिछाने और 43,604 घरों को कनेक्शन देने का प्रावधान है। इन कार्यों से जलनिकासी और सीवेज प्रबंधन में सुधार की उम्मीद है।