कौशांबी: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में बुजुर्ग महिलाओं से लूट के आरोप में दो आरोपितों को पुलिस ने शनिवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। कौशांबी थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई के दौरान हुई मुठभेड़ में दोनों आरोपितों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें दबोच लिया गया।
जानकारी के अनुसार घायल आरोपितों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, लूटी गई सोने की दो नोज पिन और बिना नंबर प्लेट वाली एक बाइक बरामद की है।
डीएसपी अरुण कुमार शुक्ला ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान फतेहपुर जिले के खखरेरू क्षेत्र निवासी मोहम्मद फारुक और नईम अख्तर के रूप में हुई है। दोनों आरोपित कौशांबी क्षेत्र के मेडरहा और भैरवां गांव में बुजुर्ग महिलाओं को अपना निशाना बनाते थे। आरोपित महिलाओं के पास पहुंचकर उनकी नाक से सोने की नोज पिन लेते थे और मौके से फरार हो जाते थे। इन घटनाओं के बाद से ही पुलिस दोनों की तलाश में जुटी थी।
शनिवार भोर में कौशांबी थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को आरोपितों के बारे में सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख आरोपितों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस दौरान दोनों आरोपितों के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने घायल आरोपितों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो अवैध तमंचे, कारतूस, लूटी गई सोने की दो नोज पिन और बिना नंबर प्लेट वाली एक बाइक बरामद हुई। पुलिस बरामद सामान को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों के खिलाफ आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दोनों ने कौशांबी और आसपास के जिलों में इस तरह की अन्य कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।
पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और लूट की अन्य घटनाओं में संलिप्तता का पता लगा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Tags: