लखीमपुर खीरी: रोजगार के लिए मलेशिया गए खमरिया थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव निवासी 28 वर्षीय पिंटू विश्वकर्मा की मौत की खबर मिली है। उनके पिता जयपाल विश्वकर्मा ने शनिवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी से बेटे का पार्थिव शरीर भारत लाने में सहायता की मांग की। परिवार अंतिम दर्शन और गांव में अंतिम संस्कार करना चाहता है। 
पिंटू करीब पांच महीने पहले मजदूरी करने मलेशिया गए थे और वहां एक कूरियर सर्विस में काम कर रहे थे। शुक्रवार, 30 अक्टूबर की दोपहर उनकी घर पर फोन से बातचीत हुई थी। पिता का कहना है कि उस समय किसी परेशानी की जानकारी नहीं मिली थी। 
रात करीब 11 बजे पिंटू के साथ मलेशिया में रह रहे एक परिचित ने फोन कर उनकी तबीयत बिगड़ने और मौत होने की सूचना दी। जयपाल ने प्रशासन से आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग की अपील की है। मौत का चिकित्सकीय कारण और पार्थिव शरीर भारत लाए जाने की तारीख अभी स्पष्ट नहीं है।
Tags: