Noida में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पड़ी भारी, हजारों चालान काटे गए

Update: 2026-07-10 12:25 GMT

Noida नोएडा : जनपद गौतमबुद्ध नगर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई। अभियान में कुल 5,161 ई-चालान किए गए, जबकि नियमों की अनदेखी करने वाले 19 वाहनों को सीज किया गया।

यातायात पुलिस के अनुसार, अभियान के तहत अलग-अलग माध्यमों से वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। इसमें 2,149 मैनुअल चालान किए गए, जबकि आईएसटीएमएस (आईटीएमएस) कैमरों के माध्यम से 3,012 वाहनों के ई-चालान किए गए। पुलिस ने विशेष रूप से बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर भी सख्ती दिखाई। इस दौरान 1,589 वाहन चालकों के खिलाफ बिना हेलमेट के चालान किए गए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान यातायात नियमों के विभिन्न उल्लंघनों को लेकर भी कार्रवाई की गई। इसमें गलत दिशा में वाहन चलाने वाले चालकों पर शिकंजा कसते हुए 305 चालान किए गए। वहीं, खराब या दोषपूर्ण नंबर प्लेट वाले 298 वाहनों, नो-पार्किंग में खड़े 473 वाहनों, तेज रफ्तार (ओवरस्पीड) से चलने वाले 428 वाहनों और बिना वैध बीमा के चल रहे 324 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना भी है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने डाइट ट्रेनिंग सेंटर, हल्द्वानी-कुलेसरा मार्ग पर जनजागरूकता अभियान भी चलाया। इस दौरान वाहन चालकों और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई।

जागरूकता अभियान के दौरान लोगों को नकली हेलमेट के इस्तेमाल से होने वाले नुकसान, सीट बेल्ट लगाने की आवश्यकता और सुरक्षित वाहन संचालन के महत्व के बारे में बताया गया। पुलिस ने "सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा" अभियान के तहत लोगों से यातायात संकेतों और नियमों का पालन करने की अपील की।

यातायात पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए सभी वाहन चालक हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षित और जिम्मेदार तरीके से वाहन चलाकर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में सहयोग करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Tags:    

Similar News