कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक रेडीमेड कपड़ा व्यापारी को अपने जन्मदिन पर दिया गया आकर्षक ऑफर भारी पड़ गया। व्यापारी ने महज 16 रुपये में 16 मिनट तक विभिन्न सामान बेचने की घोषणा की थी। सोशल मीडिया पर ऑफर की जानकारी फैलते ही शनिवार आधी रात को बेकनगंज स्थित आलम मार्केट में हजारों लोगों की भीड़ पहुंच गई। खरीदारी की होड़ में धक्का-मुक्की और हाथापाई होने लगी। हालात इतने बिगड़े कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सात थानों की पुलिस बुलानी पड़ी।
जानकारी के अनुसार बेकनगंज की आलम मार्केट में रेडीमेड कपड़ों का व्यवसाय करने वाले मोहम्मद आलम ने अपने जन्मदिन और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विशेष ऑफर देने की घोषणा की थी। इसके तहत 16 अगस्त की शुरुआत यानी रात 12 बजे से केवल 16 मिनट के लिए जींस, टी-शर्ट और ब्लेजर समेत कई तरह के कपड़े 16 रुपये में बेचे जाने थे। कारोबारी ने इसकी रील बनाकर सोशल मीडिया पर साझा की थी।
वीडियो में दो लोगों के बीच बातचीत के अंदाज में ऑफर के बारे में जानकारी दी गई थी। इसमें दुकानदार कथित रूप से कहता नजर आया कि शहर में बवाल मचने वाला है। इसके बाद उसने 16 रुपये में सामान देने वाली अपनी स्कीम का खुलासा किया। सोशल मीडिया पर प्रचारित यह ऑफर लोगों के बीच तेजी से फैल गया। इसका असर यह हुआ कि आधी रात होने से पहले ही बड़ी संख्या में लोग आलम मार्केट के आसपास पहुंचने लगे।
रात 12 बजते ही मार्केट में ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। हर व्यक्ति केवल 16 मिनट के भीतर अपनी पसंद का सामान खरीदना चाहता था। दुकान के अंदर जाने और कपड़े लेने के प्रयास में लोगों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। कुछ देर बाद विवाद और हाथापाई की स्थिति बन गई। सड़क से लेकर मार्केट तक बड़ी संख्या में लोग दिखाई देने लगे। इस घटनाक्रम से जुड़े कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हुए, हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
भीड़ लगातार बढ़ने और स्थिति बेकाबू होने की आशंका को देखते हुए आलम मार्केट का मुख्य गेट बंद कर दिया गया। गेट बंद होते ही बाहर खड़े लोगों का गुस्सा बढ़ गया। कुछ युवक मार्केट के गेट के ऊपर चढ़ गए और 16 रुपये में सामान देने की मांग करने लगे। इस दौरान लोगों ने कथित तौर पर सड़क जाम कर दी और कारोबारी मोहम्मद आलम के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामे के कारण आसपास के क्षेत्र में यातायात भी प्रभावित हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। भीड़ की संख्या को देखते हुए बेकनगंज और आसपास के कुल सात थानों की पुलिस फोर्स को बुलाया गया। डीसीपी समेत अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। बेकनगंज थाना प्रभारी मतीन खान ने लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों से शांति बनाए रखने और अपने घर लौटने की अपील की।
पुलिस की अपील के बावजूद जब भीड़ पीछे हटने को तैयार नहीं हुई तो जवानों ने लाठियां जमीन पर पटककर लोगों को वहां से हटाना शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद भीड़ को तितर-बितर किया गया और रास्ते को खाली कराया गया। इसके बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य हो सकी। किसी बड़ी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस ने कुछ समय तक मार्केट और आसपास के मार्गों पर निगरानी रखी।
बेकनगंज थाना प्रभारी के अनुसार स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि रेडीमेड कपड़ा कारोबारी के खिलाफ यदि कोई तहरीर मिलती है तो मामले की जांच कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एक कारोबारी के प्रचारात्मक ऑफर ने कुछ ही मिनटों में इलाके की कानून-व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती खड़ी कर दी।
Tags: