लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इस बीच बस्ती जिले में सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने और मोजपुर रिंगबांध के पास तेज कटान शुरू होने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई। शनिवार रात कटान की रफ्तार बढ़ने के बाद बाढ़ कार्य खंड प्रथम की टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य किया और देर रात तक बांध को सुरक्षित कर लिया।
जानकारी के अनुसार सरयू नदी ने शनिवार रात मोजपुर रिंगबांध के पास अचानक तेज कटान शुरू कर दी। कटान की गति को देखते हुए रिंगबांध पर खतरा मंडराने लगा था। इसके कारण आसपास रहने वाले ग्रामीणों में दहशत फैल गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बाढ़ कार्य खंड प्रथम ने मजदूरों की पूरी टीम मौके पर उतार दी। मजदूरों ने रात में ही बांध को बचाने के लिए तेजी से काम शुरू किया। लगातार प्रयास के बाद शनिवार देर रात तक कटान को पूरी तरह रोक दिया गया और बांध को सुरक्षित कर लिया गया।
प्रशासन पहले से ही सरयू नदी के बढ़ते जलस्तर और तटबंधों की सुरक्षा को लेकर सतर्क है। बस्ती के कमिश्नर वैभव श्रीवास्तव ने एक दिन पहले अतिसंवेदनशील कटरिया-चांदपुर तटबंध, गौरा-सैफाबाद तटबंध और उमरिया रिंगबांध का निरीक्षण किया था। उन्होंने बाढ़ से बचाव के लिए चल रहे कार्यों की स्थिति का जायजा लेने के साथ अधिकारियों को तटबंधों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए थे।
केंद्रीय जल आयोग के अनुसार सरयू नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। रविवार सुबह नौ बजे नदी का जलस्तर 92.39 मीटर दर्ज किया गया। यह खतरे के निशान से करीब 34 सेंटीमीटर नीचे था। जलस्तर बढ़ने के कारण प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण से जुड़ी टीमों को संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 16 अगस्त को गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और पीलीभीत सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, संत रविदास नगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, हरदोई, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, अमरोहा, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
वहीं 17 अगस्त को श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, बस्ती, गोंडा, बलरामपुर, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या और आसपास के जिलों में भी भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने 18 अगस्त को भी राज्य के अनेक जिलों में बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल और बदायूं में भारी बारिश होने की संभावना है। लगातार बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।