Noida, में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, अवैध हथियार और गांजा बरामद

Update: 2026-07-11 11:46 GMT

Noida नोएडा :  गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गांजा तस्करी, अवैध हथियार रखने, चोरी और अवैध शराब की बिक्री से जुड़े मामलों में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से गांजा, तमंचा, कारतूस, चाकू, चोरी का मोबाइल फोन और देशी शराब बरामद की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार अपराध नियंत्रण और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना बिसरख, सेक्टर-39, रबूपुरा, फेस-1, सेक्टर-58 और सेक्टर-49 पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।

बिसरख पुलिस ने गांजा तस्कर को दबोचा

थाना बिसरख पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की मदद से नया हैबतपुर से पीर की ओर जाने वाले मार्ग पर कार्रवाई करते हुए भरत पुत्र ओमी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं।

सेक्टर-39 पुलिस ने तमंचे के साथ आरोपी पकड़ा

थाना सेक्टर-39 पुलिस ने महर्षि आश्रम के पास से अनिल शाह पुत्र भूदेव शाह को गिरफ्तार किया। उसके पास से .315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी है और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं।

रबूपुरा में दबंगई और अवैध हथियार रखने वाला गिरफ्तार

थाना रबूपुरा पुलिस ने मुरादगढ़ी गांव निवासी बंटी उर्फ मलिंगा पुत्र भोजराज को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक देशी तमंचा और कारतूस मिला। पुलिस के अनुसार आरोपी औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री मालिकों को धमकाकर लेबर, रोड़ी और बदरपुर की सप्लाई लेने का दबाव बनाता था। विरोध करने पर वह मारपीट और धमकी देने जैसी वारदातों में शामिल रहता था।

फेस-1 पुलिस ने अवैध शराब और चोरी के मामले में की कार्रवाई

थाना फेस-1 पुलिस ने सत्ते पुत्र पप्पू को गिरफ्तार कर उसके पास से 54 पव्वे देशी शराब बरामद की। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री में शामिल था।

इसी थाना क्षेत्र में पुलिस ने सीमा पुत्री पप्पू को भी गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी का मोबाइल फोन और अवैध चाकू बरामद हुआ।

अन्य थाना क्षेत्रों में भी कार्रवाई

थाना सेक्टर-58 पुलिस ने सेक्टर-56 के पास से अभिषेक वर्मा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध चाकू बरामद किया। वहीं थाना सेक्टर-49 पुलिस ने अभिषेक नामक आरोपी को पकड़ा, जिसके पास से 850 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस टीमों द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने आम लोगों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।

Tags:    

Similar News