हरिद्वार: आचार्यकुलम् के तीन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाई है। ऊर्जा मंत्रालय और टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में चयनित विद्यार्थी अब 14 दिसंबर 2026 को राष्ट्रीय चित्रकला प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर से करीब 2.12 लाख विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। आचार्यकुलम् के कक्षा दसवीं के छात्र कुणाल कुंज ने वरिष्ठ वर्ग और सातवीं कक्षा की वर्षा रानी ने कनिष्ठ वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। दोनों विजेताओं को 50-50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

वहीं, सातवीं कक्षा की ज्योति यादव ने द्वितीय स्थान हासिल कर 30 हजार रुपये का पुरस्कार जीता। नौवीं कक्षा की दीक्षा यादव को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 7,500 रुपये प्रदान किए गए।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए कुणाल कुंज, वर्षा रानी और ज्योति यादव का चयन हुआ है। बुधवार को आचार्यकुलम् परिसर में तीनों विद्यार्थियों का अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर पतंजलि योगपीठ के परमाध्यक्ष स्वामी रामदेव ने कहा कि संस्थान में कला साधना के माध्यम से विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को विकसित किया जाता है। आचार्य बालकृष्ण ने बताया कि आचार्यकुलम् पिछले 11 वर्षों से राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्तराखंड का लगातार प्रतिनिधित्व कर रहा है।

कार्यक्रम में संस्थान की उपाध्यक्षा डॉ. ऋतंभरा शास्त्री, प्राचार्या स्वाति मुंशी सहित शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Tags: