गोपेश्वर: बीमा, पेंशन और बैंकिंग सुविधाओं से वंचित पात्र लोगों को जोड़ने के लिए चमोली जिले में 21 अक्टूबर से वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान चलाया जाएगा।

यह अभियान 31 दिसंबर तक संचालित होगा। इसमें जिले की सभी ग्राम पंचायतों और शहरी निकायों में पात्र लाभार्थियों को विभिन्न वित्तीय एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने के साथ बैंक खातों से संबंधित लंबित प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी।

भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग के निर्देशों के क्रम में भारतीय स्टेट बैंक के अग्रणी बैंक की ओर से अभियान के प्रचार-प्रसार की पहल की गई है। अभियान में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के तहत पात्र लोगों का नामांकन किया जाएगा। प्रधानमंत्री जन-धन योजना के तहत नए खाते खोलने और निष्क्रिय खातों को दोबारा सक्रिय करने पर विशेष जोर रहेगा। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) के परिवारों को जन-धन खातों और बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने की कार्रवाई भी अभियान का हिस्सा होगी।

आधार सीडिंग से री-केवाईसी तक की प्रक्रिया होगी पूरी

अभियान के दौरान जन-धन और अन्य बचत खातों की लंबित री-केवाईसी, आधार सीडिंग, सेंट्रल केवाईसी (सी-केवाईसी) आईडी बनाने और नामांकन संबंधी विवरण अद्यतन करने पर भी ध्यान दिया जाएगा। इसका उद्देश्य पात्र लाभार्थियों के खातों से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी कर उन्हें योजनाओं का लाभ लेने में आ रही दिक्कतों को दूर करना है।

डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के लिए भी जागरूकता

अभियान के तहत वित्तीय समावेशन योजनाओं की जानकारी देने के साथ डिजिटल बैंकिंग और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के प्रति आमजन को जागरूक किया जाएगा। जिला प्रशासन और अग्रणी बैंक ने लोगों से अपील की है कि वे अभियान के दौरान अपनी पात्रता के अनुसार संबंधित बैंक शाखा या बैंकिंग सेवा केंद्र से संपर्क कर योजनाओं में पंजीकरण कराएं और खातों से जुड़ी लंबित प्रक्रियाएं पूरी करें।

Tags: