रुड़की: उत्तराखंड के रुड़की से नैनीताल जाने वाले यात्रियों के लिए सीधी बस सेवा शुरू हो गई है। बुधवार को कैबिनेट मंत्री एवं परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने पूजा-अर्चना के बाद नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस सुविधा से अब यात्रियों को नैनीताल जाने के लिए हरिद्वार या देहरादून जाकर बस पकड़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने बताया कि रुड़की रोडवेज डिपो को दो नई बीएस-6 श्रेणी की बसें उपलब्ध कराई गई हैं। पहाड़ी मार्गों के लिए उपयुक्त इन बसों में 41 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। नई सेवा शुरू होने से रुड़की और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को यात्रा में सुविधा मिलेगी।

मंत्री ने कहा कि रुड़की डिपो को जल्द ही और नई बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा आगामी कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए इलेक्ट्रिक बसें भी लाई जाएंगी, जिनका संचालन देहरादून और हरिद्वार से विभिन्न मार्गों पर किया जाएगा।

कार्यक्रम में परिवहन विभाग के महाप्रबंधक (संचालन) प्रतीक जैन, पार्षद पंकज सतीजा, सरदार सतवीर सिंह, अनुराग त्यागी, भाजपा मंडल अध्यक्ष आशुतोष सैनी, अवनीश शर्मा, कविश मित्तल और दीपक बत्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Tags: