नई टिहरी: उत्तराखंड के टिहरी जिले में आगामी विधानसभा चुनाव और जनगणना-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने जागरूकता अभियान शुरू किया है। बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने ईवीएम जागरूकता के लिए दो और जनगणना की जानकारी देने के लिए एक मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जिलाधिकारी ने बताया कि ईवीएम जागरूकता वैन जिले के सभी मतदान केंद्रों और बूथों तक पहुंचेंगी। इनके माध्यम से लोगों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन की कार्यप्रणाली और मतदान करने की प्रक्रिया सरल तरीके से समझाई जाएगी। अभियान का उद्देश्य मतदाताओं की शंकाएं दूर करना और उन्हें निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक बनाना है।

वहीं, जनगणना-2027 के लिए रवाना की गई मोबाइल वैन ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जाकर लोगों को स्व-गणना की प्रक्रिया की जानकारी देगी। डीएम ने बताया कि नागरिक निर्धारित समयावधि में मोबाइल ऐप के माध्यम से अपने और परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इससे गणना कर्मियों के घर पहुंचने पर प्रक्रिया आसानी से पूरी हो सकेगी।

इस अवसर पर एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी, सहायक निर्वाचन अधिकारी दिग्विजय तिवारी, मुख्य वैयक्तिक अधिकारी चंदन शाह, मास्टर प्रशिक्षक पंकज सिंह और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी केशव गैरोला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Tags: