Gopeshwar: प्राधिकरण और चढ़ावा विवाद पर कांग्रेस का हल्ला बोल
चढ़ावा प्रकरण को लेकर कांग्रेस का विरोध तेज
गोपेश्वर: बदरीनाथ धाम में चढ़ावे में कथित अनियमितता के विरोध और गोपेश्वर नगर क्षेत्र से जिला विकास प्राधिकरण को हटाने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय गोपेश्वर में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार और बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष का पुतला दहन कर नारेबाजी की।
कांग्रेस नगर अध्यक्ष धीरेंद्र गरोडिया ने कहा कि बदरीनाथ धाम के चढ़ावा प्रकरण की निष्पक्ष जांच किसी सिटिंग जज की निगरानी में कराई जानी चाहिए,ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने गोपेश्वर नगर क्षेत्र से जिला विकास प्राधिकरण को हटाने की भी मांग करते हुए कहा कि प्राधिकरण बनने के बाद लोगों को भवन निर्माण के लिए नक्शा स्वीकृत कराने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्राधिकरण के मौजूदा मानकों के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में भवन निर्माण आसान नहीं रह गया है, जिससे आम लोगों की परेशानियां बढ़ी हैं। सरकार को जनहित में प्राधिकरण को तत्काल समाप्त करना चाहिए।
कांग्रेस नेता योगेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि जब तक चढ़ावा प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच शुरू नहीं होती और गोपेश्वर से जिला विकास प्राधिकरण नहीं हटाया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो क्षेत्रीय जनता के साथ व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
प्रदर्शन में कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष आनंद सिंह पंवार, सूर्य प्रकाश पुरोहित,भगत कनियाल, अरविंद नेगी, महेंद्र सिंह, योगेंद्र बत्रवाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।