Chuwari. चुवाड़ी। लाहडू-सिहुंता-द्रम्मण मार्ग पर रविवार सुबह पनियाला माता मंदिर के समीप पहाड़ी दरकने से हुए भूस्खलन के कारण पिछले 20 घंटे से यातायात पूरी तरह बाधित है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की टीम जेसीबी और पोकलेन मशीनों की सहायता से मलबा एवं चट्टानें हटाकर मार्ग बहाल करने में जुटी हुई है। देर रात तक सडक़ पर यातायात बहाल होने की उम्मीद जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, भारी बारिश के चलते पनियाला माता मंदिर के समीप पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और विशाल चट्टानें सडक़ पर आ गिरीं। राहत की बात यह रही कि घटना के समय वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था।
जिससे बड़ा हादसा टल गया। विशाल चट्टानें मंदिर के पास बने पुल से कुछ दूरी पर रुक गईं। यदि ये पुल पर गिरतीं, तो पुल को भी गंभीर नुकसान पहुंच सकता था( मार्ग बंद होने के कारण वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है। चुवाड़ी से द्रम्मण जाने वाले वाहन ददरियाड़ा होकर आवागमन कर रहे हैं, जबकि दूसरी ओर से आने वाले वाहन चुवाड़ी-मलकवाल-नूरपुर मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंच रहे हैं। इससे लोगों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। लोक निर्माण विभाग ने मौके पर दो पोकलेन मशीनें तैनात कर मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है। विभाग का कहना है कि मौसम अनुकूल रहा तो मार्ग को जल्द ही यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।