जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के रेनवाल इलाके से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां शराब के ठेके पर काम करने वाले एक सेल्समैन को बदमाशों ने पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की। इस खौफनाक वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से झुलसे सेल्समैन को इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया है।


जानकारी के मुताबिक, घटना मंगलवार 10 नवंबर को जयपुर ग्रामीण के किशनगढ़ रेनवाल थाना क्षेत्र में करड़ रोड स्थित शराब के ठेके पर हुई। सेल्समैन कैलाश सिंह अपनी ड्यूटी पर मौजूद था। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर तीन युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने सेल्समैन पर पेट्रोल उड़ेल दिया और आग लगा दी। अचानक हुए हमले से सेल्समैन को संभलने तक का मौका नहीं मिला। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
आग लगते ही सेल्समैन लपटों में घिर गया। जान बचाने के लिए वह दुकान से बाहर की ओर भागा और मदद की गुहार लगाई। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने आग बुझाई और घायल सेल्समैन को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया गया। हमले के दौरान शराब की दुकान में भी आग फैल गई। घटना में दुकान के दो फ्रिज और शराब के कई कार्टन जलने की जानकारी सामने आई है। इस वारदात ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में बाइक सवार तीन युवक नजर आ रहे हैं। इनमें से एक के हाथ में पेट्रोल से भरी बोतल दिखाई दे रही है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने तीनों संदिग्धों की पहचान करने की जानकारी दी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं। हमले के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर कोई व्यक्ति दूसरे इंसान की जान लेने के लिए इतनी बेरहमी कैसे दिखा सकता है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
Tags: