जननेता को अंतिम विदाई देने उमड़ा जन सैलाब

Update: 2026-08-02 12:15 GMT
Nagrota Bagwan. नगरोटा बगवां। नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र से लगातार तीन बार विधायक रहे सादगी, ईमानदारी और जनसेवा की पहचान बने वरिष्ठ भाजपा नेता राम चंद भाटिया गुरुवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। उनकी अंतिम यात्रा में उमड़े लोगों ने नम आंखों से अपने प्रिय जननेता को अंतिम विदाई दी। हर वर्ग के लोगों की मौजूदगी इस बात की गवाही दे रही थी कि राम चंद भाटिया केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि जनता के दिलों में बसने वाले जनसेवक थे। 82 वर्ष की आयु में बुधवार को लंबी बीमारी के बाद टांडा मेडिकल कालेज में उनका निधन हो गया था। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम यात्रा में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताए सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, व्यापारी, किसान, युवा तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली, पूर्व विधायक अरुण मेहरा, पूर्व मंत्री विपिन परमार, सरवीन चौधरी, रमेश धवाला ने कहा कि राम चंद भाटिया का संपूर्ण सार्वजनिक जीवन ईमानदारी, सादगी और जनकल्याण के
मूल्यों का प्रतीक रहा।

उन्होंने सत्ता को कभी विशेषाधिकार नहीं, बल्कि जनता की सेवा का माध्यम माना। विधायक रहते हुए भी उनका जीवन अत्यंत साधारण रहा। यही सादगी उन्हें आम लोगों के और भी करीब ले आई। वक्ताओं ने कहा कि राम चंद भाटिया ने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाया और अपने व्यवहार, मिलनसार व्यक्तित्व तथा निष्कलंक छवि से सभी का सम्मान अर्जित किया। वे दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनते थे। उनके निधन से नगरोटा बगवां ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की राजनीति ने एक ईमानदार और जनप्रिय नेता को खो दिया है। अंतिम संस्कार के दौरान वातावरण ष्राम चंद भाटिया अमर रहें, के नारों से गुंजायमान रहा। इस अवसर पर नगरोटा बगवां की एसडीएम पूजा अधिकारी ने भी दिवंगत नेता की पार्थिव देह पर पुष्पांजलि समर्पित की। इस दौरान लोगों ने उन्हें इस रूप में भी याद किया कि जब वे विधायक होते हुए भी अपनी विधानसभा क्षेत्र के दुर्गम गांव में भी सरकार की नीतियों को पहुंचाने तथा जनसंवाद के लिए सडक़ और साधन के अभाव में पैदल ही लोगों के घरों में अचानक दस्तक दे देते थे ।
Tags:    

Similar News