एयरपोर्ट पर CJP वाले अभिजीत दीपके का विरोध, चिल्लाकर कहा ‘अरे क्यों देश को खराब कर रहा है...'
वीडियो हुआ वायरल.
नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के एक्टिविस्ट अभिजीत दिपके को दिल्ली एयरपोर्ट पर कुछ लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में कुछ लोग दिपके पर चिल्लाते हुए सवाल करते सुनाई दे रहे हैं, "अरे, देश को क्यों खराब कर रहा है भाई?"
वीडियो में देखा जा सकता है कि एक अन्य मौके पर कुछ लोग 'चोर-चोर' के नारे लगाते सुनाई देते हैं. हालांकि, वीडियो में दिपके का सामना करने वाले लोगों की पहचान साफ नहीं हो पाई है. यह घटना CJP के तीन कार्यकर्ताओं सौरव दास, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे को दिल्ली में हिरासत में लिए जाने के विवाद के बीच सामने आई है.
दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को सीजेपी कार्यकर्ताओं को उस वक्त हिरासत में लिया था, जब वे कथित तौर पर बैरिकेडिंग पार कर जंतर-मंतर में घुसने की कोशिश कर रहे थे. जंतर-मंतर अब अधिसूचित प्रदर्शन स्थल नहीं है और यहां किसी भी तरह के प्रदर्शन पर पूरी तर रोक है.
इसके बाद अभिजीत दिपके ने 16 अक्टूबर को शाम 5 बजे दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में लोगों से तिरंगा फहराने की अपील की. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "तिरंगा लहरा दो." दिपके ने देशभक्तों और राष्ट्रीय ध्वज से प्यार करने वाले लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की.
दिपके का आरोप है कि सौरव दास और आशुतोष रांका को सिर्फ तिरंगा फहराने के लिए जेल में डाला गया है. उन्होंने कहा कि तिरंगा देश का गौरव है और इसे फहराना कोई अपराध नहीं है. उन्होंने यह भी अपील की कि जो लोग दिल्ली नहीं आ सकते, वे अपने शहरों में शाम को तिरंगा मार्च निकालें.
दिपके ने कहा कि उन्हें जेल जाने की चिंता नहीं है और वह तिरंगा जरूर फहराएंगे. CJP कार्यकर्ताओं की हिरासत और दिपके की इस अपील के बाद तिरंगे और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को लेकर विवाद चर्चा में है.