राहुल गांधी पर बरसे शाह, 2029 में फिर NDA सरकार! अमित शाह का बड़ा दावा
राहुल गांधी को अमित शाह की चुनौती, चुनावी हार पर घेरा
Delhi दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस की लगातार चुनावी हार का जिक्र करते हुए पार्टी की राजनीतिक रणनीति पर सवाल उठाए। शाह ने दावा किया कि 2029 के लोकसभा चुनाव में एनडीए प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगा।अमित शाह ने कहा कि जब से राहुल गांधी कांग्रेस के मुख्य नेता के रूप में सामने आए हैं, तब से पार्टी लगातार चुनाव हार रही है। उन्होंने विपक्षी दलों के प्रदर्शन पर निशाना साधते हुए कहा कि 14 पार्टियों के कार्यकर्ताओं को एकत्रित करके डेढ़ किलोमीटर के क्षेत्र में आठ हजार लोगों की भीड़ जुटाने से कोई देश की आवाज नहीं बन सकता।
गुजरात में भाजपा की जीत का किया जिक्र
गृह मंत्री ने बताया कि गुजरात में दो नगरपालिकाओं और एक नगर निगम की कुल 104 सीटों में से भाजपा ने 90 सीटें जीती हैं। गांधीनगर नगर निगम की 44 सीटों में से 38 पर भाजपा ने जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस को पांच सीटें मिलीं।शाह ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने 32 सीटों पर चुनाव लड़ा और सभी पर उसकी जमानत जब्त हो गई। उन्होंने इस परिणाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति गुजरात के मतदाताओं के समर्थन का प्रमाण बताया।
SIR को लेकर राहुल गांधी से पूछा सवाल
अमित शाह ने कांग्रेस की चुनावी हार का उल्लेख करते हुए राहुल गांधी से सवाल किया कि क्या गुजरात में पार्टी की लगातार हार भी एसआईआर का परिणाम है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता पर सवाल उठाने के बजाय आत्मनिरीक्षण करना चाहिए। शाह ने पश्चिम बंगाल, पुडुचेरी और तमिलनाडु के उपचुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि इन राज्यों में कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली। उन्होंने राजस्थान के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की जीत का भी उल्लेख किया।
त्रिपुरा चुनाव का हवाला देकर विपक्ष को घेरा
गृह मंत्री ने त्रिपुरा के ग्राम समिति चुनावों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि एनडीए ने चार हजार से अधिक सीटों पर जीत दर्ज की। उन्होंने कहा कि ये चुनाव बैलेट पेपर से हुए थे, इसलिए भाजपा की जीत को मतदान मशीनों से जोड़ने वाले आरोपों पर भी सवाल उठता है। अमित शाह ने कांग्रेस की राजनीति को नकारात्मक बताते हुए कहा कि राहुल गांधी को चुनावी परिणामों से सबक लेना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि 2029 के आम चुनाव में एनडीए फिर बहुमत हासिल करेगा और कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ेगा।